भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मंगलवार को इंदौर में होने वाले तीसरे और अंतिम टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच से आराम दिया गया है। भारतीय टीम के गुवाहाटी में रविवार को सीरीज अपने नाम करने के बाद कोहली सोमवार की सुबह मुंबई रवाना हो गए।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड के मुताबिक़ कोहली को अंतिम टी-20 मैच से आराम दिया गया है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतिम मैच के बाद भारतीय टीम मुंबई जाएगी जहां कोहली टीम से जुड़ेंगे। भारतीय टीम टी-20 विश्व कप में खेलने के लिए छह अक्टूबर को मुंबई से ही ऑस्ट्रेलिया के रवाना होगी।
इंदौर के होल्कर स्टेडियम में भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा और अंतिम टी-20 मैच मंगलवार चार अक्टूबर को खेला जाएगा। इसके लिए स्टेडियम में तैयारियां जोरों से चल रही हैं वहीं प्रशंसकों में उत्साह है लेकिन विराट कोहली के न खेलने की खबर से फैन्स में मायूसी का आलम है।
वहीं क्रिकेट लवर्स मैच का टिकट हासिल करने के लिए परेशान होते नजर आ रहे हैं। ऑनलाइन टिकट बिक्री खत्म होने के बाद कई फैंस स्टेडियम के बाहर ऑफलाइन टिकट लेने के लिए लाइन लगाकर खड़े रहे, लेकिन इसमें उन्हें निराशा हाथ लगी।
होलकर स्टेडियम में पिछली बार सात जनवरी, 2020 को भारत बनाम श्रीलंका का मैच खेला गया था। अब ढाई साल से ज्यादा समय के बाद इंदौर और आसपास के क्रिकेट प्रेमियों को स्टेडियम में बैठ कर मैच देखने का मौका मिलेगा।