भीकनगांव नगर परिषद के निलंबित CMO मोहन सिंह की तेज रफ्तार कार से 5 लोगों को कुचल दिया। इन्ही में से इंदौर ले जाते समय एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि 4 अन्य घायल हैं। उन्होंने 500 मीटर तक अंधाधुंध कार चलाई। इस बीच सड़क के किनारे खड़े ठेले, वाहन और दुकानें भी कार की चपेट में आ गए। पुलिस ने कार को जब्त कर मोहन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। मोहन ने पुलिस को बताया कि वह तनाव में था।
14 दिसंबर को सीएम शिवराज सिंह चौहान एक कार्यक्रम में खरगौन पहुंचे थे। वित्तीय अनियमितता के मामले में सीएम ने मोहन सिंह को मंच से निलंबित कर दिया था। बताय जा रहा है कि निलंबन के बाद वे तनाव में थे और अपने ग्रह नक्षत्र जानने के लिए गए थे एक पुजारी के पास गए थे।
पुजारी के पास से लौटते समय उनकी कार ने सबसे पहले एडीजे कोर्ट के सामने खड़ी बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद बस स्टैंड स्थित सुपारी की 2 दुकानों व 1 होटल के शेड को उड़ा दिया गया और 3 फल ठेलों को कुचल दिया। इसके बाद भी उनकी गाड़ी नहीं रुकी और बस स्टैंड से विश्राम गृह की ओर बढ़ती रही। घटना के बाद पुलिस ने मेडिकल कराया, जिसमें शराब नहीं मिली है।
हादसा भीकनगांव बस स्टैंड के पास हुआ। इस बीच रैपिड एक्शन फोर्स और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम भीकनगांव बस स्टैंड के पास फ्लैग मार्च कर रही थी। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामले में भीकनगांव थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में घायल व्यक्ति की मौत के बाद धाराएं बढ़ाई जाएंगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।