मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव राकेश साहनी का बुधवार सुबह दिल्ली में निधन हो गया। पिछले कुछ समय से वे अस्वस्थ थे। 1972 बैच के आईएएस ऑफिसर राकेश साहनी जनवरी 2006 से जनवरी 2010 तक शिवराज सरकार के मुख्य सचिव समेत अहम पदों पर रहे। प्रदेश के बड़े प्रशासनिक फैसलों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।   

रिटायरमेंट के बाद भी वे एमपी में कई अहम पदों पर रहे। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने साहनी के निधन पर दुख जताया है। सीएम शिवराज ने ट्वीट कर लिखा कि तत्कालीन समसामयिक चुनौतियों से निपटने व प्रदेश के सर्वांगीण विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। 

CM शिवराज ने राकेश साहनी के निधन की सूचना मिलने पर उनकी बेटी से फोन  पर बात की और ढाढस बंधाया।
 

राकेश साहनी को सेवानिवृत्ति के बाद शिवराज सरकार ने विद्युत नियामक आयोग का अध्यक्ष बनाया था, बाद में नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (NVDA) का चेयरमैन बनाया था। वे मध्यप्रदेश में कई जिलों में कलेक्टर और कमिश्नर भी रहे। वे मध्यप्रदेश सरकार के मंत्रालय में भी कई विभागों के प्रमुख पदों पर भी रहे।  मुख्य सचिव के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें कई अहम पदों की जिम्मेदारी भी शिवराज सरकार ने दी थी। कांग्रेस की सरकार आने के बाद 2019 में कमलनाथ ने उनकी नियुक्ति खत्म करते हुए उन्हें हटा दिया था।