इस साल के अंत तक होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर बीजेपी ने तैयारी शुरू कर दी है। इस संबंध में धर्मशाला में 12 से 15 मई तक भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति का आयोजन किया गया है। जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के अलावा हिमाचल प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, पूर्व भारतीय क्रिकेटर राहुल द्रविड़ भी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। जिसके बाद अटकलें लगाई जा रही है कि भाजपा विधानसभा चुनावों में युवाओं को आकर्षित करने की योजना बना रही है।

कार्यक्रम में शामिल होंगे जेपी नड्डा-

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में शामिल होंगे। धर्मशाला विधायक विशाल नेहरिया ने कहा कि, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा केंद्रीय मंत्री और केंद्रीय राज्य मंत्री भी कार्यसमिति के आयोजन में शामिल होंगे।

राहुल द्रविड़ के लिए क्या है बीजेपी का प्लान..!

पूर्व भारतीय क्रिकेटर राहुल द्रविड़ भी भाजपा के समारोह में शामिल हो रहे है। विधायक विशाल नेहरिया ने बताया कि, राहुल द्रविड़ भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। उनकी अब तक की सफलता युवाओं को संदेश देगी कि हम न केवल राजनीति में बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी आगे बढ़ सकते है।

क्या बीजेपी में शामिल होंगे राहुल द्रविड़?

राहुल द्रविड़ को अपने कार्यक्रम में शामिल कर भारतीय जनता पार्टी (BJP)विधानसभा चुनावों में सीधे तौर पर युवाओं को आकर्षित करना चाहती है। हालांकि राहुल द्रविड़ के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें लंबे समय से लगाई जा रही है।हिमाचल प्रदेश विधानसभा की 68 सीटों के लिए इस साल के अंत में चुनाव होंगे।