लंदन: इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर और टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स (Ben Stokes) ने वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। वे अपने देश को वर्ल्ड कप जीता चुके हैं। इधर दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे खेलने जाने से मना कर दिया है। इन वजहों से वनडे क्रिकेट के भविष्य पर ही सवाल उठने लगे हैं। अब पाकिस्तान के पूर्व कप्तान खतरनाक गेंदबाज वसीम अकरम (Wasim Akram) ने कहा है कि वनडे को अभी क्रिकेट कैलेंडर से हटा देना चाहिए। वनडे में 500 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज अकरम ने आईसीसी और अन्य क्रिकेट की संस्थाओं को सुझाव दिया है कि वनडे को खत्म ही कर देना चाहिए।
वसीम अकरम का मानना है कि वनडे क्रिकेट को अभी घसीटा जा रहा है। टी20 आसान है और वनडे खिलाड़ियों के लिए थकाऊ है। एक खिलाड़ी के लिए वनडे खेलना काफी थकाऊ होता है। टी20 के बाद वनडे ऐसा लगता है कि यह दिनों दिन चल रहा है। इसलिए खिलाड़ी छोटे प्रारूप पर अधिक ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और लंबे प्रारूप के टेस्ट क्रिकेट पर। उन्होंने कहा, 'टी20 क्रिकेट काफी आसान है, चार घंटे में खेल खत्म। दुनिया भर में लीग में बहुत अधिक पैसा है और मुझे लगता है कि यह आधुनिक क्रिकेट का हिस्सा है। अब या तो टी20 हो या टेस्ट क्रिकेट। वन-डे क्रिकेट तो मरने जैसा है।
अकरम ने टेस्ट क्रिकेट को अपना सबसे पसंदीदा फॉर्मेट बताया। उनका मानना है कि खिलाड़ी को इसी फॉर्मेट से असली पहचान मिलती है। उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा टेस्ट मैचों को प्राथमिकता दी । वनडे मजेदार हुआ करता था लेकिन टेस्ट मैच में आपको एक खिलाड़ी के रूप में पहचाना जाता था। वनडे में एक समय सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे अकरम का मानना है कि वनडे में अब स्टेडियम भी नहीं भर रहे हैं।