पाकिस्तान के गुजरांवाला में इमरान खान के  लॉन्ग मार्च के दौरान फायरिंग हुई है।  गुजरांवाला के अल्लाह हू चौक पर पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर हमला किया गया। बताया जा रहा है कि उनके दोनों पैरों में गोलियां लगी हैं।ख़बर ये भी है, कि इमरान पर हमले के लिए AK47 राइफल का इस्तेमाल किया गया।  इमरान को लाहौर के शौकत खानम अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चार सदस्यों की टीम बनाई गई है। डॉ फैसल टीम के प्रमुख होंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक फायरिंग में इमरान खान के अलावा फैसल जावेद, अहमद चट्टा और चौधरी यूसुफ घायल हो गए हैं।

गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कुल छह लोग घायल हो गए। फायरिंग की घटना इमरान खान के लाँग मार्च के दौरान हुई। बताया जाता है कि दो हमलावरों ने गोलियां चलाईं, जिनमें से एक की मौत हो गई। आशंका ये भी जताई जा रही है कि पुलिस ने फायरिंग की है। हालांकि हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। 


इमरान खान पर हमले को लेकर इस्लामाबाद पुलिस ने कहा कि इस्लामाबाद में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है और रेड जोन समेत शहर में यातायात खुला है। लेकिन किसी भी प्रकार के हथियारों को ले जाना और प्रदर्शित करना प्रतिबंधित है।'' इस्लामाबाद राजधानी पुलिस ने जिले भर में प्रवेश और निकास मार्गों पर सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। इस्लामाबाद के IG ने सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट जारी करके कहा है सेल्फ-गार्ड पर रहें।  लोगों को अपने आस-पास नजर रखने के लिए कहा गया है। कुछ भी संदिग्ध होने पर उन्हें तुरंत पुलिस को इसकी सूचना देने के लिए कहा गया है।

पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, देश की खुफिया एजेंसी ने शाहबाज शरीफ सरकार को एक रिपोर्ट सौंपी है, जिसमें देश के हालात बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इमरान खान के समर्थक सेना और सरकारी इमारतों को निशाना बना सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, इमरान खान कंटेनर के पास पहुंचे तो अज्ञात हमलावर ने फायरिंग कर दी। फायरिंग शुरू होते ही इमरान खान के सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कंटेनर को सुरक्षित कर लिया और हमलावर को पकड़ लिया। घटना के बाद इमरान खान को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी ने कहा है कि इमरान खान सुरक्षित हैं।

कहा जा रहा है कि इमरान के कुछ समर्थक कंटेनर के ऊपर थे, जब उन्हें गोली मारी गई। वहीं पंजाब प्रांत के गवर्नर और इमरान खान के सहयोगी फैसल जावेद की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। एक न्यूज एजेंसी ने कहा कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधान मंत्री की हत्या का प्रयास किया गया था। पाकिस्तान-तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी ने कहा, "ये इमरान पर नहीं , ये पाकिस्तान पर हमला है।" जियो न्यूज के मुताबिक, गुजरांवाला में जब फायरिंग हुई तो इमरान खान के दाहिने पैर में पट्टी बंधी हुई थी। इमरान पर हमले के बाद पाकिस्तान में भारी बवाल की आशंका जताई जा रही है।

इस घटना को लेकर पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी ने कहा, इमरान खान हमारी रेड लाइन हैं। आज उसी लाल रेखा को पार करने की कोशिश की गई है। आप इमरान खान को अभी तक नहीं जानते हैं। वे अंतिम सांस तक लड़ेंगे और उनका समुदाय भी अंतिम सांस तक लड़ेगा। यह मार्च किसी भी हाल में जारी रहेगा। असली आजादी की लड़ाई जारी रहेगी।