पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और किरेन रिजिजू ने उन्हें बीजेपी की सदस्यता दिलाई। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) का भारतीय जनता पार्टी में विलय कर दिया है। अमरिंदर के साथ उनके कई सहयोगी भी भाजपा में शामिल हो गए।
बीजेपी में शामिल होने के बाद अमरिंदर सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने समर्थकों से चर्चा की है। जिसमें तय किया गया कि अगर आप पंजाब का कोई भविष्य देखना चाहते हैं तो बीजेपी में शामिल हो जाएं। हमारी और बीजेपी की विचारधारा एक जैसी है।
अमरिंदर सिंह ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस से नाता तोड़ लिया था। इसके बाद उन्होंने 2022 के चुनावों के लिए पीएलसी पार्टी का गठन किया। लेकिन उनकी पार्टी चुनाव में कुछ ख़ास प्रदर्शन नहीं दिखा पाई थी। अमरिंदर सिंह का नाम पंजाब की राजनीति में बहुत बड़ा है, जो पंजाब के बाहर देश के अन्य राज्यों में जाना पहचाना नाम कहा जा सकता है।
कैप्टन के जरिए बीजेपी पंजाब को बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश कर रही है और 2024 के चुनाव में उनके राजनीतिक अनुभव को आजमाने की कोशिश में है। उनके भाजपा में शामिल होने का समय ऐसे समय में आया है जब लोकसभा चुनाव को लेकर विपक्षी एकता का ताना-बाना बुना जा रहा है। अब ऐसे में देखना ये होगा की उनके बीजेपी में शामिल होने से किसको फायदा होगा।