दिल्ली के आजाद मार्केट इलाके में एक निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत अचानक गिर गई है। मलबे के नीचे दबने से 3 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 6-7 मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। सुबह 8 बजकर 50 मिनट पर इमारत ढहने की सूचना मिली थी, जिसके बाद बचाव दल मौके पर पहुंचा। सुबह करीब साढ़े नौ बजे एडीओ रविंदर ने बताया कि इस हादसे में 3 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही 6-7 लोग मलबे के नीचे दबे हुए हैं।
दिल्ली में गिरी चार मंजिला इमारत, घरों में फंसे लोग, रेस्क्यू जारी #ATVideo #Delhi @sushantmehraat @milan_reports pic.twitter.com/Nq6AmiWtor
— AajTak (@aajtak) September 9, 2022
आजाद मार्केट क्षेत्र के शीश महल भवन में निर्माण कार्य चल रहा था। इसमें कुछ मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
रेस्क्यू टीम के साथ स्थानीय लोग भी राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं। यहां चार मंजिला इमारत बन रही थी, इसलिए मलबा भी काफी ज्यादा है। इसे हटाने में पुलिस और स्थानीय लोग जुटे हुए हैं। वहां मौजूद लोगों का कहना है कि कई लोगों के फंसे होने की आशंका है, लेकिन सहीं संख्या किसी को नहीं पता।
हादसे की खबर सुनने के बाद कई लोग घटना स्थल पर पहुंच गए हैं। जहां इमारत गिरी, वहां पास में ही एक स्कूल है और वहां से कई बच्चे गुजर रहे थे। उन बच्चों के परिजनों ने भी वहां पहुंचकर हंगामा किया। कुछ देर के लिए चारों ओर डर का माहौल हो गया था।