अमेरिका समेत दुनियाभर के दूसरे देशों में ओपन फायरिंग के केस सामने आ रहे हैं। अब इसी तरह की वारदात इटली से भी सामने आई है। जानकारी के मुताबिक यहां राजधानी रोम में एक अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों की एक मीटिंग चल रही थी। इस दौरान एक व्यक्ति ने बंदूक निकाली और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

एक समाचार एजेंसी के मुताबिक इस फायरिंग में इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी की एक दोस्त समेत तीन महिलाओं की मौत हो गई। मेलोनी ने सोशल मीडिया पर पीड़ितों में से एक निकोलेटा गोलिसानो के साथ अपनी एक फोटो शेयर की है। इसके साथ ही मेलोनी ने तस्वीर के साथ लिखा- मेरे लिए वह हमेशा इसी तरह खूबसूरत और खुश रहेंगी। वारदात को लेकर PM मेलोनी ने कहा कि इस तरह की घटनाएं ठीक नहीं हैं।

PM मेलोनी ने कहा कि जिस शूटिंग रेंज से संदिग्ध ने हमले में इस्तेमाल की गई बंदूक ली थी, उसे बंद कर दिया गया है और अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक हमला करने वाले 57 साल के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक ये घटना शहर के फिदीन जिले में हुई है। आरोपी ने अचानक सरे अंधाधुंध फायरिंग कर दी, हालांकि वहां मौजूद लोगों ने आरोपी को दबोच लिया। मीटिंग में मौजूद लोगों ने ही पुलिस को इस घटना के बारे में सूचना दी थी।