भोपाल: केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मध्यप्रदेश के परिवहन विभाग में हो रही अवैध वसूली की पोल खोल दी है. गडकरी के पत्र के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के चहेते परिवहन आयुक्त मुकेश जैन को हटाना पड़ा. जैन के स्थान पर एडीजी संजय कुमार झा को नया परिवहन आयुक्त बनाया.

केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने 16 जुलाई को मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को पत्र लिखकर जानकारी दी कि मध्य प्रदेश की सीमा में परिवहन विभाग द्वारा अवैध वसूली की जा रही है. उनके खिलाफ कार्रवाई करने की हिदायत भी दी. केंद्रीय मंत्री गडकरी ने मुख्य सचिव को लिखे पत्र की कॉपी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को भी दी.
अपने पत्र में गडकरी ने साफ तौर पर कहा है कि परिवहन विभाग पर बड़े पैमाने पर रिश्वतखोरी हो रही है. गडकरी के पत्र के अनुसार प्रदेश के चेक पोस्ट एंट्री में आरटीओ अधिकारी एवं उनके कर्मचारियों द्वारा ट्रक ड्राइवरों और मालिकों से बड़े पैमाने पर जबरन वसूली कर रहे हैं. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि चेक पोस्ट पर गाड़ी के सभी कागजात पूरे होने और अंडर लोड होने के बावजूद भी ट्रक ड्राइवरों व मालिकों को परेशान किया जा रहा है.
गडकरी ने यह भी उल्लेख किया है कि इसके पहले भी आप को पत्र लिखकर इस अवैध वसूली से अवगत कराया गया था. इसके बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई. इससे मध्य प्रदेश का नाम खराब हो रहा है. गडकरी के पत्र के बाद परिवहन विभाग के अफसरों में हड़कंप मचा है. यहां यह भी उल्लेख करना उचित होगा कि मध्यप्रदेश में हर माह परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी लंबे समय से वाहनों से करोड़ों की वसूली करते आ रहें हैं.