भोपाल: थल, वायु एवं नौ सेना के ऐसे सैन्यकर्मी जिन्हें वीरता पुरुस्कार (गेलेन्ट्री अवार्ड) मिला है, उन्हें और उनके आश्रितों को अब अपने एक सहयोगी के साथ रेल्वे में एसी फर्स्ट क्लास/सेकंड एसी/एसी चेयरकार में जीवनभर फ्री यात्रा हेतु पास मिलेगा। इसकी सूचना राज्य के गृह विभाग के अधीन कार्यरत मप्र सैनिक कल्याण संचालनालय ने जारी की है।

दरअसल, इस मामले में केंद्र के रक्षा मंत्रालय में लम्बे समय से विचार चल रहा था और अब इस सुविधा को प्रदान करने के लिये निर्णय ले लिया गया है। सेना की एडजुटेंट जनरल (एजी) शाखा अब कंट्रोलर जनरल ऑफ डिफेंस अकाउंट्स-सीजीडीए के साथ परामर्श कर शीघ्र इस सुविधा का लाभ लेने की प्रक्रिया जारी करेगी।

उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना के वीरता पुरस्कार युद्ध और शांति के दौरान सर्वोच्च साहस, अदम्य वीरता और सर्वोच्च बलिदान (शहादत) देने वाले सैन्य कर्मियों को दिए जाते हैं। ये पुरस्कार थल सेना, नौसेना, वायु सेना के सभी रैंकों के जवानों एवं अधिकारियों को राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किए जाते हैं। 

वीरता पुरुस्कार में शामिल हैं : युद्धकालीन वीरता पुरस्कार, परम वीर चक्र, महावीर चक्र, वीर चक्र, शांतिकाल वीरता पुरस्कार, अशोक चक्र, कीर्ति चक्र एवं शौर्य चक्र।