नई दिल्ली: क्या नेशनल हेराल्ड (National Herald) जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस (Money Laundering Case) केस में गांधी परिवार फंस गया है. इस सवाल के बीच राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के बाद कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) से अब प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) पूछताछ करेगा। कांग्रेस इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार देते हुए सड़कों पर विरोध प्रदर्शन की तैयारी में है। पार्टी की ओर से देशव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा। इधर सोनिया से पूछताछ के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
प्रवर्तन निदेशालय की ओर से 75 वर्षीय सोनिया गांधी को पहले 8 जून को पेशी के लिए नोटिस जारी किया गया था. कोरोना वायरस से संक्रमित होने के कारण उन्हें 23 जून के लिए समन जारी किया गया था लेकिन वे उस तारीख पर पेश नहीं हो सकीं।
ईडी की सोनिया से पूछताछ को लेकर कांग्रेस नेताओं ने तय किया है कि देशभर में पार्टी इसके खिलाफ प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस ने इस मौके पर देश भर में ईडी दफ्तर के घेराव, कई जगहों पर चक्का जाम और ईडी दफ्तर तक मार्च की योजना बनाई है। प्रियंका गांधी और राहुल गांधी, सोनिया गांधी के साथ उनको ईडी दफ्तर तक छोड़ने जा सकते हैं।
राहुल से 5 दिनों तक हुई थी पूछताछ
ईडी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से इस मामले में पांच दिनों तक 50 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी। तब भी कांग्रेस ने देशव्यापी प्रदर्शन किया था। दिल्ली में गुरुवार के को पुलिस ने कुछ इलाकों के लिए ट्रैफिक अलर्ट भी जारी कर दिया है।