MP News: मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले से हैवानियत का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, यहां पर दिल्ली की एक 19 वर्षीय छात्रा अपने चाचा के घर छुट्टी मनाने के लिए आई हुई थी. शुक्रवार रात करीब 12 बजे अकेली जा रही छात्रा को ग्वालियर के दो सगे भाइयों ने बंधक बना लिया, फिर घर ले जाकर गैंगरेप किया.
यह घटना मुरार थाना क्षेत्र की बताई जा रही हैं. आरोपियों के चंगुल से छूटते ही छात्रा परिजनों के पास पहुंची. उसके बाद थाने पहुंचकर दोनों आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई. दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों फरार सगे भाइयों की तलाश शुरू कर दी है.
ख़बरों के मुताबिक, दिल्ली निवासी 19 वर्षीय पीड़ित छात्रा ग्वालियर में मुरार थाना क्षेत्र के बड़ागांव हनुमान शंकर नगर में रिश्तेदारों के यहां छुट्टी मनाने आई हुई थी. तभी शुक्रवार देर रात वह ताउ के लडक़े के घर से अपने चाचा के घर जा रही थी. इस दौरान रास्ते में दो सगे भाई हर्षित पालिया और कार्तिक पालिया ने उसे रास्ते में अचानक रोक लिया. फिर हाथ पकड़कर जबरन अपने घर ले गए. जहां दोनों भाइयों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया.
जब देर रात तक छात्रा अपने चाचा के घर नहीं पहुंची तो परिजन तलाश करते हुए आरोपियों के घर तक पहुंच गए. वहां जाकर उन्हें सच्चाई का पता चला. लेकिन तब तक दोनों आरोपी फरार हो गए थे. जिसके बाद छात्रा परिजनों के साथ नजदीकी थाने पहुंची और शिकायत दर्ज करवाई.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस जब तक आरोपियों के घर पहुंची तो दोनों फरार हो गए थे. फ़िलहाल, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं.