बीसीसीआई के मौजूदा अध्यक्ष सौरव गांगुली बोर्ड में अपनी पारी आगे नहीं बढ़ाएंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार, गांगुली 18 अक्टूबर को एजीएम में अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। पूर्व भारतीय कप्तान का नाम आईसीसी के अध्यक्ष पद की रेस में है। रिपोटर्स के अनुसार, रोजर बिन्नी नए अध्यक्ष की रेस में सबसे आगे है। गांगुली 2019 में बीसीसीआई के अध्यक्ष चुने गए थे।
एजीएम में शामिल होने वाले 38 राज्य संघों में से 35 की सूची आ गई है। 1983 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे बिन्नी कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से प्रतिनिधि के रूप में शामिल हुए हैं। इससे पहले सचिव संतोष मेनन एजीएम में हिस्सा लेते थे। रिपोटर्स के अनुसार, बिन्नी का नाम इसलिए दिया गया है क्योंकि उन्हें बड़ा पद मिलने वाला है। वे भारतीय टीम के चीफ सलेक्टर भी रह चुके हैं।
इस बीच गांगुली एजीएम में बंगाल क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि के रूप में हिस्सा लेंगे। यानी बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष जगमोहन डालमिया के बेटे अभिषेक बोर्ड का हिस्सा नहीं होंगे। जय शाह सचिव की भूमिका में ही बने रह सकते हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश के अरुण धूमल कोषाध्यक्ष के लिए ही दावेदारी पेश करेंगे। दिल्ली के रोहन जेटली को बोर्ड या आईपीएल में बड़ी भूमिका मिल सकती है।
एजीएम में प्रमुख राज्य संघों के प्रतिनिधि
-बड़ौदा संघ- प्रणव अमीन - दिल्ली संघ-रोहन जेटली - गुजरात संघ-जय शाह • हरियाणा संघ-अनिरुद्ध चौधरी - हिमाचल संघ-अरुण सिंह धूमल - हैदराबाद संघ-मो. अजहरुद्दीन - कर्नाटक संघ-रोजर माइकल बिन्नी - केरल संघ- जयेश जॉर्ज • मुंबई संघ- आशीष बाबाजी शेलार - राजस्थान संघ- वैभव गहलोत - उन संघ- राजीव शुक्ला - विदर्भ संघ- अद्वैत मनोहर