भोपाल. मध्यप्रदेश में अब बादल टूटकर बरस रहे हैं। नर्मदा और बेतवा नदी उफान पर है. शिप्रा और ताप्ती पहले से ही उफनाई हुई हैं। ऐसे में प्रदेश के अधिकांश बांधों के गेट खोले गए हैं. खंडवा में इंदिरा सागर बांध, खंडवा के ही ओंकारेश्वर बांध, शिवपुरी के मोहिनी सागर और मड़ीखेड़ा बांध, राजघाट बांध, राजधानी भोपाल का भदभदा डैम और तवा डैम के गेट खोलना पड़े हैं।  इनके किनारे के गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। 

भदभदा का तीसरा गेट खोला, कलियासोत में भी खुलेंगे गेट
राजधानी भोपाल में आज भदभदा बांध का तीसरा गेट भी खोल दिया गया। शनिवार को यहां के दो गेट खोले गए थे। इधर कलियासोत डेम में भी वॉटर लेवल बढ़ रहा है। आज दोपहर 12 बजे के बाद कलियासोत के भी दो गेट खोले जा सकते हैं। बड़े तालाब का भी जलस्तर लगातार बढ़ रहा हे। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कलियासोत में लगातार पानी आ रहा है. 1 मीटर और पानी आने के बाद आज दोपहर 12 बजे के बाद कलियासोत के दो गेट खोले जा सकते हैं।

शिवपुरी के मोहिनी सागर और मड़ीखेड़ा बांध के गेट खोलने से सिंध नदी में पानी बढ़ गया है। क्वारी नदी का जलस्तर भी बहुत तेजी से बढ़ रहा है। नर्मदा का जलस्तर बढ़ने और बांध लबालब होने के बाद खंडवा में इंदिरा सागर बांध के 12 गेट खोलने पड़े हैं। 

रविवार सुबह खंडवा में इंदिरा सागर के 20 गेट में से 12 गेट खोलना पड़ गए। 6 गेट 1 मीटर तक और 6 गेट आधा मीटर तक खोले गए हैं। नर्मदापुरम में तवा डैम के गेट खुलने और ऊपरी हिस्सों में बारिश की वजह से इंदिरा सागर बांध में लगातार पानी भर रहा है। जुलाई का निर्धारित जलस्तर बनाए रखने के लिए बांध से पानी छोड़ा जा रहा है। इंदिरा सागर बांध के गेट खोलकर 2400 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।