भोपाल। राज्य सरकार ने शिवपुरी एवं गुना की हवाई पट्टी भारत सरकार के एयरपोर्ट अथारिटी आफ इण्डिया-एएआई को देने के लिये अपनी सहमति प्रदान कर दी है। अब एएआई रीजनल एयर कनेक्टिविटी स्कीम के तहत दोनों हवाई पट्टी का उपयोग करेगा।
लेकिन इसके पहले वह यहां सर्वे करायेगा। शिवपुरी की हवाई पट्टी बड़ी है तथा इसके आसपास काफी जगह है जबकि गुना हवाई पट्टी छोटी है और इसके आसपास पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं है। इसलिये एएआई शिवपुरी को ही रीजनल एयर कनेक्टिविटी के लिये लेगा।
उल्लेखनीय है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया पूर्व में केंद्रीय विमानन मंत्री थे तब उन्होंने ही उक्त दोनों हवाई पट्टी के लिये मप्र सरकार से सहमति मांगी थी। एएआई सिर्फ शिवपुरी हवाई पट्टी ही चाहता था परन्तु सिंधिया ने इसमें गुना की हवाई पट्टी को भी शामिल करा लिया था।
लंबे समय बाद राज्य सरकार ने इन दोनों हवाई पट्टी को एएआई को देने की सहमति दे दी है। अब एएआई सर्वे के बाद इनमें एयरपोर्ट जैसी सुविधायें विकसित करेगा और क्षेत्रीय वायु सम्पर्कता योजना के तहत छोटे हवाई जहाजों की उड़ान शुरु करवायेगा। ज्ञातव्य है कि दतिया में भी एएआई इसी प्रकार हवाई पट्टी को रीजनल एयर कनेक्टिविटी हेतु विकसित कर रहा है।