प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समय-समय पर देश-विदेश से कई उपहार मिलते हैं और अगर आप उन्हें खरीदना चाहते हैं तो यह आपके लिए एक मौका है। खिलाड़ियों और राजनेताओं सहित जीवन के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा प्राप्त 1200 से अधिक उपहारों की नीलामी 17 सितंबर से शुरू होने जा रही है और इसकी रकम नमामि गंगे प्रोजेक्ट में जाएगी।
कहां होगी नीलामी?
राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय के महानिदेशक अद्धैत गडनायक ने कहा कि ये नीलामी वेब पोर्टल pmmementos.gov.in/ के माध्यम से आयोजित की जाएगी और 2 अक्टूबर को समाप्त होगी। इन उपहारों को इसी संग्रहालय में रखा गया है।
जानिए उपहारों की कीमत?
अद्धैत गडनायक ने कहा कि भारत की समृद्ध संस्कृति और विरासत का प्रतिनिधित्व करने वाले विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों द्वारा प्रस्तुत आम आदमी के उपहार सहित कई अन्य उपहारों की नीलामी की जाएगी। उपहारों का मूल्य 100 रुपये से 5 लाख रुपये के बीच है। सभी उपहारों का मूल्य करीब 2.7 करोड़ रुपये तक रहेगा।
मुख्य उपहार क्या है?
उपहारों की सूची में मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान द्वारा भेंट की गई रानी कमलापति की प्रतिमा , उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा भेंट की गई हनुमानजी की प्रतिमा व सूर्य चित्र और हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर द्वारा भेंट किया गया त्रिशूल शामिल है। इनमें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता अजीत पवार द्वारा भेंट की गई देवी महालक्ष्मी की एक मूर्ति और आंध्र प्रदेश के सीएम जगन मोहन रेड्डी द्वारा भेंट की गई भगवान वेंकटेश्वर की एक कलाकृति शामिल है।
अयोध्या राम मंदिर का मॉडल भी शामिल-
संग्रहालय के निदेशक ने बताया कि नीलामी में पदक विजेताओं के हस्ताक्षर वाले टी-शर्ट, मुक्केबाजी दस्ताने और भाला जैसे खेल वस्तुओं को भी शामिल किया गया है। उपहारों में पेंटिंग, मूर्तियां, हस्तशिल्प और लोक कलाकृतियां भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अन्य वस्तुओं में श्री राम मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर की प्रतिकृतियां और मॉडल शामिल हैं।
नमामि गंगे प्रोजेक्ट को जायेगा पैसा-
पीएम मोदी को मिले 1,222 उपहारों की नीलामी की जाएगी और उससे मिलने वाली रकम नमामि गंगे प्रोजेक्ट में जाएगी। पीएम को मिले उपहारों की नीलामी का यह चौथा संस्करण है। यानी इस तरह से मिले उपहारों की चौथी बार नीलामी की जा रही है।