भोपाल: नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने सीधी बस दुर्घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मृत परिजनों को 50 लाख और घायलों को 25 लाख मुआवजा देने की मांग की है। इसके साथ ही डॉ सिंह ने परिवहन मंत्री त्यागपत्र की मांग की है।

नेता प्रतिपक्ष ने सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार की रात को हुई बस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार परिवहन मंत्री से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि परिवहन विभाग की लापरवाही के चलते बसों में ओव्हर लोड, अनफिट तथा इस रूट का इन बसों का परमिट भी नहीं था और न ही बीमा था।

उन्होंने इस घटना के जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने की मांग की है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उक्त घटना में जान गवाने वालों के निकटम परिजनों को 50 लाख रूपये एवं गंभीर रूप से घायलों को 25 लाख रूपये तथा साधारण घायलों को 10 लाख रूपये का मुआवजा देने की भी मांग सरकार से की है। इसके साथ ही इस घटना की न्यायिक जांच कराने की मांग भी की है।

दुर्घटना की जांच होनी चाहिए: अजय सिंह

पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने चुरहट क्षेत्र में मोहनिया टनल के पास हुई भीषण बस दुर्घटना दुःख व्यक्त करते हुए इसे ह्रदय विदारक बताया है| उन्होंने कहा कि इस बात की जांच होना चाहिए कि चोभरा,बाघड़ के लोग जिस बस में सवार थे उस बस को छुहिया घाटी की ओर से सतना ना भेज कर मोहनिया रीवा की ओर से क्यों भेजा गया।

सिंह ने कहा कि अपना जनाधार खो चुकी भाजपा और शिवराज सिंह अपनी जमीन बचाने के लिए सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों और संसाधनों का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग कर रहे हैं। बसों में सवार कई शासकीय कर्मचारी भी घायल हैं। उन्हें किस आदेश के तहत सतना भेजा गया था? सिंह ने कहा कि  जो बसे सतना गई थी उसमें किस गांव से कौन लोग सवार थे इसकी सूची बस व जिला प्रशासन के पास नहीं थी। जिसके कारण मृतकों और घायलों की समय में पहचान नहीं हो पाई।

कचरा वाहन से शव भिजवाने की निंदा-

पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह ने चुरहट क्षेत्र के मोहनिया में हुई भीषण दुर्घटना का शिकार हुए मृतकों के शव रामपुर नगर परिषद के कचरा वाहनों से भिजवाने की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दिवंगत ग्रामवासियों का इस प्रकार अपमान किया जाना कदापि बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। सिंह ने इस निंदनीय काम के लिये दोषी अधिकारियों पर तत्काल सख्त कार्यवाही करने की मांग करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को इस कृत्य के लिये दिवंगत लोगों के परिजनों और चुरहट की जनता से माफी मांगना चाहिए।