भोपाल। जनप्रतिनिधि अपने नहीं बल्कि जनता के काम के लिए आवाज उठाते हैं। कई बार अधिकारी गंभीरता से नहीं लेते जिसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ता है। रेलवे में कई ऐसे अधिकारी कर्मचारी हैं जो सालों से एक ही स्टेशन पर पदस्थ हैं।

ऐसे सभी कर्मचारियों की सूची बैठक में मौजूद सभी सांसद गणों को दी जाए। यह निर्देश भोपाल लोकसभा क्षेत्र की सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने आज भोपाल मंडल परीक्षेत्र के सांसदों के साथ पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक के साथ हुई बैठक में दिए। इसके अलावा कोविड के दौरान बंद हुई गाड़ियों और स्टॉपेज को फिर से शुरू करने की बात भी कही। कई ट्रेनों में सुरक्षा बल की कमी पर माननीय सांसद जी ने नाराजगी जताते हुए सभी गाड़ियों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी निर्देशित किया।

बैठक में यह मांग रखी 

संसदीय क्षेत्र सीहोर और भोपाल के अनेक गांवों की भूमि का अधिग्रहण नई रेल परियोजनाओं के लिए किया गया इससे प्रभावित लोगों को या उनके परिवार में किसी व्यक्ति को नियुक्ति देने की प्रक्रिया यथाशीघ्र पूरी की जाए।

बैरसिया वाया गुना रेल लाइन के लिए प्रयास किए जाएं।

भोपाल स्टेशन के री डेवलपमेंट कार्य को यथाशीघ्र संपन्न किया जाए।

विश्वस्तरीय स्टेशन बनाने की सूची में संत हिरदाराम नगर को शामिल किया जाए।

मासिक सीजन टिकट व्यवस्था को फिर से शुरू किया जाए।

भोपाल बीना गुना और भोपाल इटारसी के बीज मेमो ट्रेन शुरू की जाए।

डॉक्टर अंबेडकर नगर से चलकर भोपाल को आने वाली इंटरसिटी को रानी कमलापति स्टेशन तक बढ़ाया जाए।

भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निशातपुरा और मिसरोद स्टेशन को डेवलप किया जाए।

भोपाल खंडवा इंटरसिटी सेवा प्रारंभ की जाए।

इंदौर रतलाम की ओर से आने वाली अधिकांश गाड़ियों के स्टॉपेज संत हिरदाराम नगर पर है। जन सुविधाओं को देखते हुए कुछ गाड़ियों को भोपाल स्टेशन पर भी रोका जाए।