गोवा विधानसभा की 40 सीटों के नतीजे कुछ ही घंटों में आ जाएंगे। सुबह आठ बजे शुरू हुई मतगणना में भाजपा 18 सीटों पर और कांग्रेस 17 सीटों पर आगे चल रही है। कुल मिलाकर यहां टक्कर दिख रही है। मतपत्रों की गिनती में गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर चुनाव हार गए हैं। उत्पल पर्रिकर ने कहा, मैं अपनी लड़ाई से संतुष्ट हूं लेकिन परिणाम थोड़ा निराशाजनक है।
निर्दलीय उम्मीदवार थे उत्पल पर्रिकर :
बीजेपी से नाराजगी के चलते उत्पल पर्रिकर पणजी से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में थे। पूर्व मुख्यमंत्री और दिवंगत बीजेपी नेता मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर ने इस सीट से बीजेपी से टिकट मांगा था, लेकिन बीजेपी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। उसके बाद, उत्पल ने विद्रोह कर दिया और पणजी से निर्दलीय दावा दायर किया। इसके साथ ही बीजेपी प्रत्याशी अतानासियो मोनसेराट और कांग्रेस के एल्विस गोमेज ट्रेंड में आगे चल रहे थे।
ये चेहरा भी दांव पर :
मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद गोवा के मुख्यमंत्री बने प्रमोद सावंत, विपक्ष के नेता दिगंबर कामत, पूर्व सीएम चर्चिल अलेमाओ, रवि नाइक, लक्ष्मीकांत पारसेकर और पूर्व डिप्टी सीएम विजय सरदेसाई की भी साख दांव पर लगी है।