गोवा विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने 34 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. जिसमें मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत संकलीम सीट से चुनाव लड़ेंगे. गोवा की 40 विधानसभा सीटों के लिए 14 फरवरी को मतदान होना है. साथ ही मतगणना 10 मार्च को होगी.

उत्पल पर्रिकर को नहीं मिला टिकट : 

गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर को पणजी सीट से टिकट नहीं मिला. मौजूदा विधायक अतानासियो मॉन्सरेट को टिकट दिया गया है. बीजेपी गोवा चुनाव के प्रभारी देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 'मनोहर पर्रिकर का परिवार हमारा परिवार है. दूसरी सीट के लिए उत्पल के नाम पर चर्चा है. उत्पल को पणजी को छोड़कर दो सीटों का विकल्प दिया गया था. हालांकि, उन्होंने एक सीट के लिए मना कर दिया. दूसरी सीट पर चर्चा चल रही है. उम्मीद है कि वह दूसरी सीट से चुनाव लड़ने के लिए तैयार होंगे.

पणजी सीट पर प्रचार शुरू :

उत्पल ने पणजी सीट से चुनाव प्रचार शुरू किया था. घर-घर जाकर लोगों से वोट की अपील कर रहे थे. मौजूदा मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत सांकलीम सीट से खड़े होंगे. बीजेपी नेता अरुण सिंह ने कहा, 'हम गोवा में तीन सामान्य सीटों के लिए एक एसटी, एक जनरल और एक एससी उम्मीदवार को मैदान में उतार रहे हैं. 12 ओबीसी उम्मीदवार और 9 अल्पसंख्यक उम्मीदवार हैं।

10 साल से लगातार हुआ विकास :

देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले दस वर्षों से स्थिर और निरंतर विकास दिया है. गोवा में चेहरा बदला लेकिन विकास जारी रहा. मनोहर पर्रिकर से लेकर मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत तक बीजेपी ने गोवा के मुख्यमंत्री को अच्छी छवि दी है.

विपक्ष पर कड़ा प्रहार :

भाजपा नेता ने दावा किया कि कांग्रेस लगातार गोवा की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है. टीएमसी-एमजीपी गठबंधन का जिक्र करते हुए फडणवीस ने कहा कि टीएमसी सूटकेस के बल पर विस्तार करने की कोशिश कर रही है. जो गोवा के लोगों को पसंद नहीं है. लोग समझते हैं कि टीएमसी एक हिंदू विरोधी, राष्ट्र विरोधी और लोकतंत्र विरोधी पार्टी है. उन्होंने AAP पर भी निशाना साधते हुए कहा कि AAP हमेशा की तरह सुबह से शाम तक झूठ फैलाती है. AAP झूठ की नींव पर खड़ी है. पिछले चुनाव में भी लोगों ने AAP को स्वीकार नहीं किया था.