सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को सोना 32 रुपये की गिरावट के साथ 52,224 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जो पिछले कारोबारी सत्र में 52,256 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं, चांदी भी 348 रुपये की गिरावट के साथ 57,298 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, जो पिछले कारोबारी सत्र में 57,646 रुपये प्रति किलोग्राम थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना बढ़कर 1,763 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी सपाट होकर 19.67 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की दरों में बढ़ोतरी और महंगाई की चिंताओं को लेकर मिले-जले वैश्विक संकेतों से पिछले कुछ दिनों में सोने की कीमतों में सीमित कारोबार रहा है। मजबूत हाजिर मांग के कारण सटोरियों ने ताजा सौदों की लिवाली की, जिससे वायदा कारोबार में गुरुवार को सोना 202 रुपये की तेजी के साथ 51,745 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अक्टूबर डिलीवरी के लिए सोने का अनुबंध 202 रुपये या 0.39 प्रतिशत की तेजी के साथ 51,745 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था, जिसमें 14,946 लॉट के लिए कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने कहा कि प्रतिभागियों की ताजा पोजीशन से सोने की कीमतों में तेजी आई।
वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 0.14 फीसदी की गिरावट के साथ 1,779.20 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। मजबूत हाजिर मांग के कारण कारोबारियों ने अपना दांव बढ़ाया, जिससे वायदा कारोबार में गुरुवार को चांदी की कीमत 13 रुपये की तेजी के साथ 56,928 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।