ओडिशा में सोमवार सुबह एक ट्रेन दुर्घटना में 3 लोगों की मौत हो गई। घटना जाजपुर जिले के कोरेई स्टेशन की है। सुबह सुबह पटरी से उतरी एक मालगाड़ी यात्रियों के लिए बने वेटिंग हॉल में जा घुसी। हादसे में कई लोग बुरी तरह से घायल भी हो गए।

मालगाड़ी के पटरी से उतरने से रेल लाइन अवरुद्ध हो गई और स्टेशन की इमारत को भी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद राहत टीम और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। ईस्ट कोस्ट रेलवे ओडिशा की ओर से बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेन हादसे में मरने वीलों को लेकर दुख जताया है। मृतकों के परिवार के लिए 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की गई है। गंभीर रूप से घायलों के लिए 1 लाख रुपये और नाबालिगों के लिए 25,000 रुपये की घोषणा रेल मंत्रालय की ओर से की गई है।

इधर मध्यप्रदेश उज्जैन में रेलवे स्टेशन पर खड़ी इंदौर-रतलाम पैसेंजर ट्रेन के डिब्बे में रविवार रात शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग पर काबू पाने में करीब 1 घंटे का समय लगा। हादसे में ट्रेन का पूरा कोच जलकर राख हो गया। ट्रेन सोमवार सुबह रवाना होने वाली थी।ट्रेन खाली थी, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन प्लेटफॉर्म पर इससे अफरातफरी मच गई।