Fake News Channel: केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने एक बड़ा एक्शन लेते हुए गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने वाले आठ यूट्यूब चैनल बंद कर दिए हैं. उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव की घोषणा और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों पर प्रतिबंध के बारे में झूठी खबरें फैलाने के लिए इन चैनलों के खिलाफ कार्रवाई की गई है.

फेक न्यूज पर सरकार का सख्त एक्शन-

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि बिना किसी तथ्य के समय से पहले लोकसभा चुनाव की घोषणा करने और वोटिंग मशीनों के संबंध में झूठी खबरें फैलाने के लिए आठ चैनलों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. इन चैनलों में कैप्टिल टीवी, केवीएस न्यूज, सरकारी ब्लॉग, अर्न टेक इंडिया, एसपीएन9 न्यूज, एजुकेशनल दोस्त और वर्ल्ड बेस्ट न्यूज शामिल हैं.

यूट्यूब चैनलों के लाखों सब्सक्राइबर-

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के मुताबिक, जिन यूट्यूब चैनलों पर एक्शन लिया गया है वे भारतीय सेना, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री और सरकारी योजनाओं के बारे में झूठी जानकारी फैला रहे थे. मंत्रालय ने बताया कि इन यूट्यूब चैनलों के लाखों सब्सक्राइबर थे.

इन यूट्यूब चैनलों के वीडियो की जांच की गई, जिसमें कई खामियां पाई गईं. अधिकारियों ने बताया कि प्रेस सूचना ब्यूरो ने इन चैनलों पर फर्जी खबरों की पुष्टि की है. जिसके कारण इन चैनलों को बंद कर दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि जिन चैनलों पर एक्शन लिया गया, उन पर बड़ी संख्या में दर्शक जुड़े हुए थे. इससे पहले भी गलत खबरें फैलाने वाले कई यूट्यूब चैनलों को ब्लॉक किया गया है.