भोपाल: राज्य सरकार ने सायबर अटैक से निपटने के लिये एससीसर्ट यानि स्टेट कम्प्यूटर सिक्युरिटी इंसीडेंट सिस्पांस टीम का गठन कर दिया है।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के द्वारा गठित यह टीम मेजर सायबर अटैक जैसी क्रिटिकल कंडीशन में भारतीय कम्प्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम द्वारा प्राप्त निर्देशों पर कार्यवाही करेगी।

इसके अलावा, ऐसी कोई सायबर क्राईसीस/अटैक की घटनायें जो एससीसर्ट के संज्ञान में आये अथवा राज्य की किसी क्रिटिकल एप्लीकेशन, आईटी इन्फ्रा पर सायबर अटैक जैसी इमरजेंसी एवं राज्य सरकार के आईटी प्रोटेक्टैड सिस्टम के मामलों में यथोचित निर्णय लेगी तथा सिर्फ एक कार्य दिवस में अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को उपलब्ध करायेगी।

एससीसर्ट में संचालक एवं संयुक्त संचालक के पद प्रतिनियुक्ति से भरे जायेंगे जबकि शेष 19 पद आउटसोर्स से भरे जायेंगे। मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली चयन समिति इस टीम के संचालक का सिलेक्शन करेगी। इस टीम के लोगों के पारिश्रमिक पर राज्य सरकार हर साल 2 करोड़ 15 लाख 54 रुपये व्यय करेगी।