Manipur Violence Video: मणिपुर में एक समुदाय की दो महिलाओं को खुलेआम बिना कपड़ों के परेड कराने को लेकर देशभर में गुस्सा साफ़ तौर पर दिख रहा है. जातीय हिंसा की आग़ में जल रहें मणिपुर की गूंज सड़क से लेकर संसद तक सुनाई दे रही है. वीडियो वायरल होने के बाद से ही हर कोई मणिपुर सीएम एन बीरेन सिंह के इस्तीफ़े की मांग कर रहा हैं.

इसी बीच संसद के मानसून सत्र में भी इस मुद्दे पर जमकर बवाल जारी है. विपक्ष लगातार मोदी सरकार से जवाब मांग रहा है और संसद में मणिपुर पर चर्चा की मांग कर रहा है. वहीं, सरकार की तरफ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पक्ष रखते हुए कहा, हम चाहते हैं कि इस घटना पर संसद में चर्चा हो. आज मैं फिर से सदन में दोहराना चाहता हूं कि हम चाहते हैं कि मणिपुर की घटना पर सदन में चर्चा होनी चाहिए.

राजनाथ सिंह ने आगे कहा, लेकिन मैं देख रहा हूं कि कुछ ऐसे राजनैतिक दल है जो कि अनावश्यक यहां पर ऐसी स्थिति पैदा करना चाहते हैं. ताकि, किसी भी सूरत में मणिपुर की घटना पर चर्चा न हो पाए. मैं स्पष्ट रूप से यह आरोप लगाना चाहता हूं कि सचमुच यह प्रतिपक्ष मणिपुर की घटना को लेकर जितना गंभीर होना चाहिए उतना गंभीर नही है.

संसद में विपक्ष के हंगामे पर राजनाथ सिंह बोले, मणिपुर की घटना निश्चित रूप से बहुत ही गंभीर है. इसकी गंभीरता को समझते हुए प्रधानमंत्री ने स्वयं ही इस बात को कहा है कि मणिपुर में जो कुछ भी हुआ है उससे पूरा राष्ट्र शर्मसार हुआ है. यहां तक कि मणिपुर की घटनाओं को लेकर कठोर से कठोर कार्यवाही किए जाने की बात प्रधानमंत्री ने कही है.