इंदौर के 52 सितारों का भव्य सम्मान: केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने दी विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मान पत्र


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

महिला एवं बाल विकास केंद्रीय राज्य मंत्री माननीय श्रीमती सावित्री ठाकुर ने इंदौर के 52 विशिष्ट और अद्वितीय व्यक्तित्वों को सम्मानित किया..!!

इंदौर की प्रतिष्ठित हस्तियों और उभरती प्रतिभाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से ह्यूमैनिज्म सेवा संस्कार चैरिटी ऑर्गनाइजेशन द्वारा ड्रीम वर्ल्ड रिसॉर्ट में एक गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में महिला एवं बाल विकास केंद्रीय राज्य मंत्री माननीय श्रीमती सावित्री ठाकुर ने इंदौर के 52 विशिष्ट और अद्वितीय व्यक्तित्वों को सम्मानित किया। इन सभी प्रतिभाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में असाधारण कार्य करके न केवल इंदौर का, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है।

समारोह की विशेषता यह रही कि इसमें संगम नगर योग वृक्ष महिलाओं द्वारा वंदे मातरम् गीत पर मनमोहक योग प्रदर्शन किया गया, जिसने पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और भारतीय संस्कृति की अद्वितीय छटा बिखेरी। 

इस सम्मान समारोह में ओडिशी नृत्यांगना अनुषा जैन प्रमुख रहीं, जिन्होंने अपने नृत्य कौशल से नई ऊंचाइयों को छुआ है। वहीं, आस्था जैन की समाजसेवा की पहल ‘रोटी बैंक एटीएम’ ने अनगिनत जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाई है। मात्र 11 वर्ष की आयु में काव्या जैन ने कथक नृत्य में गहन निपुणता प्राप्त की है और उन्हें कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिले हैं। इसके साथ ही, बबली गंभीर, जो एक स्किन सॉल्यूशन थैरेपिस्ट हैं, को उनके क्षेत्र में अद्वितीय योगदान के लिए 15 राष्ट्रीय पुरस्कारों और एक अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार और वूमेन प्राइड अवार्ड भी मिल चुका है। 

ह्यूमैनिज्म सेवा संस्कार चैरिटी ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष अशोक मेहता ने संस्था द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संस्था न केवल जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां लाने के लिए समर्पित है, बल्कि हाल ही में सेंट्रल जेल में कैदियों की आर्थिक मदद कर उन्हें रिहाई दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इस समारोह में इंदौर के प्रतिष्ठित समाजसेवी और उद्योगपतियों की उपस्थिति ने आयोजन को और भव्य बना दिया। प्रमुख व्यक्तित्वों में कांतिलाल बम, प्रवीण खारीवाल, दिलीप मेहता, प्रदीप जैन, रजत जैन, होलास सोनी, साधना भंडारी, शांता भामावत, कल्पना पटवा, राजेश जैन, संजय जैन, महेंद्र बापना, वीर सिंह यादव, प्रभात कोहेकर, मानव पटवा, अरुणा पाटनी, राजीव सिन्हा, भारती मुनोत आदि की उपस्थिति ने समारोह को विशिष्ट बना दिया।

केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने इस अवसर पर सम्मानित हस्तियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी अद्वितीय उपलब्धियां देशभर के लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं और इनका योगदान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्त्वपूर्ण है। समारोह का संचालन जयेश कोठारी और विजिया जैन ने अत्यंत प्रभावशाली ढंग से किया, जबकि आभार प्रदर्शन संजय जैन द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम न केवल इंदौर की बेहतरीन प्रतिभाओं को सम्मानित करने का मंच बना, बल्कि यह शहर की सांस्कृतिक और सामाजिक धरोहर का उत्सव भी साबित हुआ।