भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तानों में से एक सौरव गांगुली ने 8 जुलाई 2022 को अपने जीवन की हाफ सेन्चुरी पूरी कर ली यानि कि दादा आज पूरे 50 वर्ष के हो गए। इससे पहले ही उन्होंने इंग्लैंड में अपना जन्मदिन सेलिब्रेट किया। इस मौके पर सौरव अपनी पत्नी और बेटी के साथ लंदन की सड़कों पर ठुमके लगाते नजर आए।

गांगुली के डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सौरव 'तू मेरा हीरो' और 'ओम शांति ओम' गाने पर पत्नी और बेटी के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। इससे पहले सौरव की बर्थडे पार्टी में सचिन तेंदुलकर, बीसीसीआई के सचिव जय शाह, आईपीएल के पूर्व अध्यक्ष राजीव शुक्ला भी नज़र आए। 

सौरव चंडीदास गांगुली का जन्म 8 जुलाई 1972 को कलकत्ता (अब कोलकाता) में हुआ था सौरव गांगुली ने 1992 से 2008 तक भारतीय क्रिकेट की सेवा की। मौजूदा समय में  वे बीसीसीआई के अध्यक्ष हैं। उन्होंने भारत के लिए 18585  इंटरनेशनल रन बनाए हैं । उनके नाम 113 टेस्ट में 7212  और 311 वनड मैचों में 11363 रन दर्ज हैं। 

आईपीएल में भी दादा अपना कमाल दिखा चुके हैं और शुरुआती सीजन में केकेआर फिर सहारा पुणे वॉरियर्स के लिए भी खेलते नजर आए थे । उनके नाम 59 आईपीएल मैचों में 1349 रन दर्ज हैं। वे बल्लेबाजी के अलावा कई बार अपनी गेंदबाजी से भी विरोधी टीम को पस्त कर देते थे। उनके नाम 32 टेस्ट, 100 वनडे और 10 आईपीएल विकेट भी दर्ज हैं।