तीन दिन पहले केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम की थी। इसके बाद दामों में लोगों को कुछ राहत तो जरूर मिली, लेकिन अब भी दूसरे राज्यों के मुकाबले MP में इनके दाम ज्यादा हैं। यूपी में एमपी की तुलना में इनकी कीमतों में खासा अंतर है. इसकी वजह से MP के जिलों के लोग UP सीमा से लगे इलाकों में पेट्रोल डलवाना मुनासिब समझ रहे हैं। वजह है वहां पेट्रोल 14 रुपए और डीजल 9 रुपए सस्ता है। 

मप्र के निवाड़ी जिले के सीमा UP की लगी है. यूपी से लगे होने के कारण यहां के पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल डलवाने कम ही लोग आते हैं। निवाड़ी के पेट्रोल पंप संचालक बताते हैं कि हमारे यहां पेट्रोल का रेट 110.59 रुपए है जबकि UP में महज 96.58 रुपए है। इस तरह करीब 14 रुपए प्रति लीटर का अंतर है. इसी तरह मध्यप्रदेश में डीजल के दाम जहां 95.73 रुपए हैं वहीं उत्तरप्रदेश में डीजल 86 रुपए प्रति लीटर है। इसलिए लोग सीमा से लगे UP के निनोरा गांव के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डीजल भरवाने जाते हैं। निवाड़ी से निनोरा की दूरी भी सिर्फ ढाई किमी है।

निवाड़ी से UP बाइक में पेट्रोल डलवाने आए लोग बताते हैं कि दस लीटर पर पूरे 140 रुपए की बचत हो जाती है। इस तरह 10 लीटर पेट्रोल में सवा लीटर पेट्रोल पूरी तरह फ्री आ जाता है. यह हमारे लिए जबर्दस्त आफर है, इसे क्यों ठुकराएं! इसलिए MP की बजाय लोग UP आकर पेट्रोल डलवाते हैं। निवाड़ी के पेट्रोल पंप संचालक ने बताया कि हमारे यहां सिर्फ 500 लीटर पेट्रोल बिकता है जबकि  UP के पेट्रोल पंप पर रोजाना करीब 10 हजार लीटर की बिक्री है। यानी बिक्री में 20 गुना फर्क है। निवाड़ी में जहां रोज 150 से 200 वाहन चालक ईंधन लेने पहुंचते हैं वहीं UP के पेट्रोल पंप पर रोजाना करीब 2 हजार वाहन पहुंच रहे हैं। मध्यप्रदेश में दरअसल 33% टैक्स लगाया जाता है और इसके बाद निश्चित सेस भी लगाया जाता है।