भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के टीटीई के साथ ही मारपीट का मामला सामने आया है। इस मामले ने यात्रियों की सुरक्षा की तो बात ही छोड़ दीजिए स्टेशन और ट्रेनों में टीटीई की सुरक्षा पर ही सवालिया निशान उठ गए हैं। बड़ी बात यह है कि टीटीई की पिटाई भी बदमाशों ने नहीं बल्कि जीआरपी जवानों ने की। टीटीई का रोते बिलखते आप बीती बताते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।  
 
मामला दानापुर भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक टीटीई दिनेश कुमार सिंह ने किसी और पैसेंजर की सीट पर ट्रेन में बिना टिकट यात्रा कर रहे जीआरपी जवान से सीट खाली करने को कहा। इस पर जवान ने टीटीई से विवाद शुरू हो गया। 

यही नहीं जीआरपी जवान ने बख्तियारपुर स्टेशन पर अन्य जीआरपी के जवानों के साथ मिलकर टीटीई की ही जमकर पिटाई कर दी। इस घटना से आम आदमी के मन में सवाल पैदा हो गए हैं, कि ट्रेन में टीटीई ही सुरक्षित नहीं है, तो बाकी के यात्रियों की सुरक्षा का क्या हाल होगा।