गुजरात के आप पार्टी के अध्यक्ष और पाटीदार नेता गोपाल इटालिया को दिल्ली में गिरफ़्तार कर लिया गया है। पीएम मोदी पर उनके विवादित भाषण के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग ने इटालिया को पूछताछ के लिए बुलाया था। यहां पहुंचकर आयोग के सामने पेश होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ़्तार कर लिया। गिरफ़्तारी के बाद इटालिया को सरिता बिहार थाने ले जाया गया है।
ऐसा कहा जा रहा है कि उन्हें विवादित टिप्पणी के कारण नहीं, बल्कि राष्ट्रीय महिला आयोग में पहुंचे आप कार्यकर्ताओं के हंगामे के कारण हिरासत में लिया गया था। आम आदमी पार्टी के गुजरात अध्यक्ष गोपाल इटालिया को पीएम मोदी और मंदिर को लेकर एक विवादित टिप्पणी करने के आरोप में दोषी ठहराया गया था। गोपाल इटालिया के विवादित भाषण का एक वीडियो भी सामने आया था।
NCW ने इटालिया को विवादित बयान के चलते दिल्ली तलब किया था। यहां पहुंचकर आप कार्यकर्ताओं ने हंगामा खड़ा कर दिया। NCW की अध्यक्ष रेखा शर्मा का कहना है कि कानून-व्यवस्था की खराब होती स्थिति को देखते हुए उन्होंने पुलिस से कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि, "गोपाल इटालिया ने कोई नोटिस मिलने से इनकार किया, हालांकि उनका जवाब पहले से ही तैयार है। लेकिन उन्होंने अभी तक जवाब नहीं दिया है।
हिरासत में लिए जाने से पहले गोपाल इटालिया ने ट्वीट किया कि पाटीदार समुदाय से होने के कारण उन्हें फंसाया जा रहा है और जेल में डालने की धमकी दी जा रही है। गोपाल ने ट्वीट किया, "राष्ट्रीय महिला आयोग प्रमुख मुझे जेल में डालने की धमकी दे रहा है। मोदी सरकार पटेल समाज को जेल के अलावा क्या दे सकती है। भाजपा पाटीदार समाज से नफरत करती है। मैं सरदार पटेल का वंशज हूं। मैं जेल से नहीं डरता। मुझे जेल में डाल दो। उसने पुलिस को भी फोन किया था और कहा था मुझे धमकाया जा रहा है।"
वहीं रेखा शर्मा ने फोटो शेयर करते हुए लिखा था कि 'आप या गुंडे' उनके ऑफिस के बाहर हंगामा कर रहे हैं। पूरे विवाद की शुरुआत एक वायरल वीडियो से हुई जिसमें इटालिया ने पीएम मोदी के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। बीजेपी नेताओं द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो में इटालिया बार-बार पीएम मोदी को 'बदसूरत किस्म का आदमी' कहता है। वह इसमें कुछ और आपत्तिजनक बातें भी कहता है।
खुद इटालिया और आप नेताओं ने माना कि वीडियो इटालिया का ही है, लेकिन यह पुराना है। इटालिया का एक और वीडियो सामने आया है जिसमें वह महिलाओं से मंदिरों और कथाओं में न जाने की अपील करता दिखाई दे रहा था। उनका कहना था कि मंदिर और कथाएं शोषण के ढर्रे हैं।
अब बीजेपी इस वीडियो के जरिए मिले मौके को भुनाने में लग गई है। इसके जरिए आप और उसके संयोजक अरविंद केजरीवाल को घेरने की कोशिश में बीजेपी कोई कसर नहीं छोड़ रही है। गोपाल इटालिया की गिरफ्तारी को भी गुजरात चुनाव में आप की बढ़ती पॉपुलेरिटी के आगे बीजेपी की बढ़ती हताशा और आप को रोकने के लिए नए-नए दांव-पेंच खेलने से जोड़कर देखा जा रहा है।