गुजरात विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर है। सभी पार्टियां गुजरात फ़तह की तैयारियों में जुट गई है। गुजरात में केंद्रीय नेताओं का भी दौरा भी शुरू हो चुका है। बीजेपी, कांग्रेस से लेकर आम आदमी पार्टी तक चुनावी मैदान में हैं। सभी पार्टियों का चुनावी कैंपेन जोरों पर है। पार्टियां भी जनता का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। देश में लगातार पिछड़ रही कांग्रेस अब गुजरात में अपना भविष्य तलाशने में जुट गई है।

देखिये लाइव-

 

कांग्रेस के वरिष्ट नेता राहुल गांधी गुजरात दौरे पर है। इस दौरान उन्होंने परिवर्तन संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कई चुनावी घोषणा जारी की। अपनी इन चुनावी घोषणाओं के ज़रिये कांग्रेस ने किसानों से लेकर सभी वर्गों को साधने का प्रयास किया।

राहुल गांधी ने अहमदाबाद से अपनी परिवर्तन संकल्प सभा शुरू की। अहमदाबाद से आठ चुनावी घोषणा जारी करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस "500 रुपए में गैस सिलेंडर, हर घर 300 यूनिट बिजली फ्री, 10 लाख तक का मुफ्त इलाज, किसानों का 3 लाख तक का कर्ज माफ, 3000 सरकारी इंग्लिश मीडियम स्कूल, कोरोना पीड़ित परिवारों को 4 लाख का मुआवजा, दुग्ध उत्पादकों को 1 लीटर पर 5 रुपये की सब्सिडी, सरकारी नौकरियों में कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम बंद और युवाओं के लिए 3000 रुपए का बेरोजगारी भत्ता" देने का ऐलान नहीं वादा करती हैं। राहुल गांधी ने चुनावी जीत के साथ ही ये सभी वादे पूरे करने का ऐलान भी किया। 

राहुल गांधी का बीजेपी पर वार-

चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, गुजरात ड्रग का केंद्र बन गया है, सारे के सारे ड्रग मुंद्रा पोर्ट से मिल रहे हैं। लेकिन यहां पर सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। आखिर कारण क्या है, जो कार्रवाई नहीं हो रही। गुजरात में उन उद्योगपतियों को जितनी भी जमीन चाहिए, सरकार उनको दे देती है। लेकिन अगर गरीब आदिवासी हाथ जोड़कर जमीन मांगे तो उन्हें जमीन नहीं दी जाती। गुजरात में बिजली के रेट हिंदुस्तान में सबसे अधिक हैं। वहीं दो-तीन कंपनियां हैं, जिनका नेक्सस चल रहा है। आपकी जेब में से पैसा निकलता है, उन्हीं दो-तीन उद्योगपतियों की जेब में जाता है।

नोटबंदी व जीएसटी जैसे मुद्दों पर राहुल गांधी बोले, नोटबंदी व जीएसटी ने छोटे दुकानदारों का नुकसान किया है। अगर किसानों को, मजदूरों और स्मॉल-मीडियम बिजनेस को फायदा नहीं, तो फिर फायदा किसको हुआ? फायदा सिर्फ़ उन्हीं बड़े उद्योगपतियों को हुआ है। इससे गुजरात की जनता तंग है, गुजरात की जनता गुस्से में है, गुजरात की जनता कांग्रेस के साथ खड़ी है। बस अब आपको दम लगाकर जनता के साथ खड़ा होना है, गुजरात की जनता की सरकार, कांग्रेस की सरकार बन जाएगी।

कांग्रेस की 8 चुनावी घोषणा, गुजरात फ़तह की तैयारी-

1. 500 रुपए में गैस सिलेंडर।
2. 300 यूनिट बिजली मुफ़्त।
3. 10 लाख तक मुफ़्त इलाज।
4. किसानों का 3 लाख तक का कर्ज़ माफ़।
5. 3000 सरकारी इंग्लिश मीडियम स्कूल।
6. कोरोना पीड़ित परिवारों को 4 लाख का मुआवज़ा।
7. दुग्ध उत्पादकों को 1 लीटर पर 5 रुपए की सब्सिडी।
8. सरकारी नौकरियों में कांट्रैक्ट सिस्टम बंद और युवाओं के लिए 3000 रुपए का बेरोज़गारी भत्ता।