गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण का धुआंधार प्रचार आज शाम तक थम जाएगा. सुबह से ही चुनाव फ़तह के मंत्र के साथ जनता के बीच कई दिग्गज नेताओं का सियासी जमावड़ा लगा हुआ हैं. जैसे-जैसे समय आगे बढ़ता जा रहा है, वैसे-वैसे वार-पलटवार भी काफ़ी ज़ोर पकड़ रहा हैं.

आज गुजरात का सियासी दंगल पहले चरण के मतदान से पहले चुनाव प्रचार थमने तक काफ़ी गर्म रहा. बीजेपी अपनी सत्ता बरक़रार रखने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहीं है तो वहीं कांग्रेस सत्ता बापसी का सपना लिये जनता के बीच मौजूद है लेकिन इन सबके बीच आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने भविष्यवाणी करते हुए जीत का दावा किया. अब गुजरात की जनता किसे अपना आशीर्वाद देगी ये तो रिजल्ट ही तय करेंगे लेकिन उससे पहले सभी ने अपने-अपने दावे पेश किये.

बेहतर विकास का दावा, जीत का सहारा-

फ़िलहाल प्रचार के आख़िरी दिन गुजरात के बेहतर विकास के दावों के साथ बीजेपी, कांग्रेस और आम आमदी पार्टी एक दुसरे पर हमलावर हैं. बीजेपी की तरफ से जेपी नड्डा ने विकास कार्यों का जिक्र करते हुए दाहोद में कांग्रेस और आप पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की बात करें तो, ये ऐसी पार्टियां हैं जो सिर्फ चुनाव में दिखती है और चुनाव के बाद गायब हो जाती है. चुनाव के बाद अगर कोई सेवा के लिए बचता है तो बीजेपी के कार्यकर्ता बचते है.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी की तुलना रावण के करते हुए कहा कि मोदी जी प्रधानमंत्री हैं. वह काम छोड़कर नगर निगम का चुनाव, MLA का चुनाव, MP के चुनाव में प्रचार करते रहते हैं. हर वक्त अपनी ही बात करते हैं- 'आप किसी को मत देखो, मोदी को देखकर वोट दो'. लोग आपकी सूरत कितनी बार देखें? आपके कितने रूप हैं? क्या रावण की तरह 100 मुख हैं? अगर मोदी जी इतने सालों तक मुख्यमंत्री और अब पीएम होने के बावजूद गुजरात के हालात ठीक नहीं कर पाए, युवाओं को नौकरी नहीं दे पाए, महंगाई कम नहीं कर पाए, पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं घटा पाए, तो वहां सत्ता में क्यों बैठे हैं?

तो वहीं अरविंद केजरीवाल ने महंगाई और बेरोजगारी का जिक्र करते हुए कहा कि एक Survey आया है. बीजेपी का 27 साल का शासन खत्म होने वाला है. अब BJP जाय छे, AAP आवे छे..! गुजरात में 'परिवर्तन' की आंधी चल रही है. चारों तरफ लोग एक ही बात बोल रहे हैं- परिवर्तन, परिवर्तन, परिवर्तन, परिवर्तन. पूरे गुजरात को 'परिवर्तन' चाहिए.

जीत का दावा कर रहे केजरीवाल पर विपक्ष का वार-

इस बीच जीत का दावा कर रहें अरविंद केजरीवाल पर पहले बीजेपी और फिर कांग्रेस ने बड़ा ही तीखा हमला बोला. AAP पर वार करते हुए नड्डा बोले, गुजरात में आम आदमी पार्टी सरकार बनाने आई थी लेकिन अब इसका आकार भी बचेगा या नहीं, ये तो 8 तारीख के बाद ही पता चलेगा. ये चकमा देने वाले लोग हैं, इन फसली बटेरों से आपको सतर्क रहना है.

तो वहीं कांग्रेस ने भी AAP की जीत पर भविष्यवाणी करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी को गुजरात में 0 सीट मिलेगी, यह तय है. गुजरात में आम चर्चा है कि AAP को वोट देना बेकार है. इनका एक कैंडिडेट नहीं जीत रहा, ज्यादातर की जमानत जब्त होगी. लोग जानते हैं कि AAP को वोट देना मतलब BJP को वोट देना. इसलिए लोग अपना वोट बर्बाद नहीं करने वाले..!

AAP की एंट्री से मुकाबला हुआ त्रिकोणीय-

इन सबके बीच आम आदमी पार्टी इस मुक़ाबले को त्रिकोणीय बनाने में लगी हुई है. इसीलिए गुजरात विधानसभा चुनाव काफी दिलचस्प होता जा रहा है, क्योंकि पहली बार त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है. केजरीवाल ने गुजरात में जीत का दावा करते हुए कहा कि लोग बदलाव चाहते हैं और वो आम आदमी पार्टी के साथ हैं. तो वहीं बीजेपी का कहना है कि लोग डबल इंजन की सरकार के काम से खुश हैं और एक बार फिर बीजेपी सत्ता में आएगी. कांग्रेस ने भी चुनाव में जीत का दावा किया.

1 दिसंबर को पहले चरण की वोटिंग-

बता दें कि पहले चरण में गुजरात की 89 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा. वोटिंग 1 दिसंबर को होगी. पहले चरण में 788 प्रत्याशी चुनावी मैदान में रहेंगे. दूसरे चरण में 5 दिसंबर को 93 सीटों पर मतदान होगा. दूसरे चरण में 833 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपना दांव आजमाएंगे. तो वहीं रिजल्ट हिमाचल प्रदेश के साथ 8 दिसंबर को घोषित किये जायेंगे.