देश के 5 राज्यों में आज ओले के साथ बारिश हो सकती है. उत्तर भारत में प्री-मानसून का असर आज भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आज बारिश हो सकती है। वहीं पंजाब, राजस्थान, बिहार, झारखंड और हिमाचल प्रदेश में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। UP, MP और छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने की आशंका है. कई राज्यों में तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह भारी बाारिश हुई जिसके कारण कई फ्लाइट डिले करनी पड़ी।
दिल्ली में सोमवार तड़के ही मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई जिसके कारण कई इलाकों में पेड़ गिर गए। बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। बारिश की वजह से अनेक फ्लाइट रोकनी पड़ीं। राजस्थान में भी मौसम लगातार बदल रहा है। भीषण गर्मी के बाद प्रदेश में एक्टिव हुए नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से आंधी के साथ बारिश हो रही है। नया सिस्टम प्रदेश में अगले 48 घंटे तक एक्टिव रहेगा। इससे राजधानी जयपुर समेत राजस्थान के 16 जिलों में आंधी के साथ बारिश की आशंका है। अगले 24 घंटे में प्रदेश के 4 जिलों में ओले गिरने की भी चेतावनी है। नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस का सबसे ज्यादा असर राजस्थान के जयपुर, बारा, धौलपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर, बूंदी, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, कोटा, चूरू, नागौर, श्रीगंगानगर, पाली, अलवर, भरतपुर, बूंदी, बीकानेर और जोधपुर में नजर आएगा। अलवर, भरतपुर, धौलपुर और दौसा में ओलावृष्टि की भी आशंका है।
मध्य प्रदेश में भी मौसम के मिजाज में बदलाव है जिसे प्री-मानसून एक्टिविटी के तौर पर देखा जा रहा है। रविवार को प्रदेश के कई इलाकों में खासी बारिश हुई है। रीवा और उमरिया के कई इलाकों में 2-2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा जबलपुर, ग्वालियर, सतना और खजुराहो में भी कहीं-कहीं बारिश हुई। रीवा, सागर, चंबल, जबलपुर, भोपाल, कटनी, उमरिया, बालाघाट, अनूपपुर, शहडोल, दतिया,ग्वालियर और शिवपुरी में शाम तक हल्के बादल छाए रहेंगे। यहां अगले 24 घंटे में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं।