नोएडा के सेक्टर-93बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से अभद्रता के मामले के मुख्य आरोपी श्रीकांत त्यागी के खिलाफ कार्रवाई जारी है। सोमवार सुबह नोएडा अथॉरिटी की टीम नोएडा के सेक्टर 93 में ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी पहुंची और श्रीकांत त्यागी के आवास में हुए अवैध निर्माण पर कार्रवाई शुरू कर दी। टीम श्रीकांत के कॉमन क्षेत्र और पार्किंग में किए गए अवैध निर्माण को गिराने का काम कर रही है। नोएडा अथॉरिटी के कुछ लोग फावड़ा और हथौड़े चला रहे हैं। बुल्डोजर भी सोसाइटी के अंदर पहुंच गया है।
आपको बता दें कि श्रीकांत त्यागी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। श्रीकांत की आखिरी लोकेशन उत्तराखंड के ऋषिकेश में मिली है। कई बार उसका मोबाइल स्विच ऑफ और ऑन हुआ। नोएडा पुलिस की कई टीम उत्तराखंड पहुंच गई हैं, यहां श्रीकांत त्यागी की तलाश जारी हैैं।
आख़िरकार श्रीकांत त्यागी के #omaxesociety घर पर बना अवैध निर्माण पर बुल्डोज़र चल गया है !! pic.twitter.com/xqMWd5Q0vS
— Yogita Bhayana योगिता भयाना (@yogitabhayana) August 8, 2022
इससे पहले, सेक्टर-93बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना फेज 2 के प्रभारी सुजीत उपाध्याय को निलंबित कर दिया गया है। नोएडा के पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने बताया कि पड़ताल में सुजीत उपाध्याय को लापरवाही करने का दोषी पाया गया है। इससे पहले उन सात लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया गया जो ओमेक्स सोसायटी में जबरन घुस आए थे। उनसे पूछताछ की जा रही है वहीं मुख्य आरोपी श्रीकांत त्यागी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है उनकी भी तलाश की जा रही है।