गुजरात के हार्दिक पटेल आज भाजपा में शामिल होंगे। भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हार्दिक को अहमदाबाद के भाजपा कार्यालय कमलम् में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल पार्टी जॉइन कराएंगे। कार्यक्रम में 15 हजार कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे। पार्टी जॉइन करने से पहले पोस्टर जारी किया गया जिसमें कार्यक्रम का विवरण है. उन्होंने खुद को पीएम मोदी का छोटा सिपाही बताया है.
हार्दिक पटेल ने भाजपा जॉइन करने से पहले एक पोस्टर जारी किया। पोस्टर के अनुसार भाजपा में जॉइन होने का उनका कार्यक्रम सुबह ही होगा। इससे पहले पटेल ने अपने आवास पर दुर्गा पूजा और पाठ किया। दुर्गा पूजा के बाद हार्दिक पटेल स्वामीनारायण जाएंगे और गो पूजा भी करेंगे। भाजपा में शामिल होने से पहले हार्दिक पटेल ने 17 मई को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था. वे लंबे समय से कांग्रेस के खिलाफ नाराजगी जाहिर कर रहे थे. हार्दिक पटेल ने 17 मई को ट्विटर पर इस्तीफे का ऐलान किया था। उन्होंने इस दौरान राहुल गांधी पर कई आरोप लगाए थे। इस्तीफे के बाद से ही वे लगातार भाजपा के कामों की तारीफ कर रहे थे. वे खुद को हिंदुत्व का समर्थक भी बता रहे थे। इसकी पहले सही संभावना व्यक्त की जा रही थी कि वे भाजपा में शामिल होंगे।
भाजपा जॉइन करने से पहले हार्दिक पटेल ने एक ट्वीट किया है- राष्ट्रहित, प्रदेशहित, जनहित एवं समाज हित की भावना के साथ आज से एक नए अध्याय का प्रारंभ करने जा रहा हूँ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे राष्ट्र सेवा के भागीरथ कार्य में छोटा सा एक सिपाही बनकर काम करूंगा।
हार्दिक पटेल ने 2014 में सरदार पटेल ग्रुप से जुड़कर पाटीदार आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन शुरू किया। उन्होंने सितंबर 2015 में पटेल नवनिर्माण सेना का गठन किया। इसी आंदोलन के दौरान हार्दिक पटेल पहली बार सुर्खियों में आए।