T20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में हारकर टीम इंडिया टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। इंग्लैंड से मिली हार के बाद भारतीय खिलाड़ियों की जमकर आलोचना हो रही है। कई खिलाड़ियों को तो टीम से बाहर करने की भी मांग की जा रही है। T20 विश्व कप का अगला संस्करण 2024 में वेस्टइंडीज और अमेरिका में होना है। उससे पहले टीम इंडिया में पूरी तरह से बदलाव की चर्चा है।
T20 वर्ल्ड कप में मिली हार के बाद टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन T-20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। T20 वर्ल्ड कप टीम में कई अनुभवी खिलाड़ी इस सीरीज में नहीं नजर आएंगे। उन्हें आराम दिया गया है।
शिखर धवन वनडे टीम की और हार्दिक पांड्या T20 टीम की कमान संभालेंगे। हार्दिक इससे पहले आयरलैंड में टीम का नेतृत्व कर चुके हैं। उनकी कप्तानी में गुजरात जाइटंस की टीम अपने पहले सीजन में चैंपियन बनी थी। वहीं धवन पिछले दो साल में कई वनडे सीरीज में कप्तानी कर चुके हैं।
अभी तक रोहित शर्मा को किसी भी प्रारूप में कप्तानी से हटाए जाने की बात सामने नहीं आई है, लेकिन कहा जा रहा है कि उन पर T-20 से संन्यास लेने का दबाव बढ़ गया है। रोहित के साथ ही T20 में कई सीनियर खिलाड़ियों का भविष्य खतरे पड़ता दिखाई दे रहा है। इसमें केएल राहुल, विराट कोहली, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, दिनेश कार्तिक और मोहम्मद शमी के नाम शामिल हैं।
जहां तक कोहली की बात है तो उन्होंने T20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं, लेकिन राहुल और रोहित ने पूरी तरह से निराश किया है। हिटमैन ने अर्धशतक लगाया, इसके साथ ही राहुल के बल्ले से दो अर्धशतक निकले। इन तीनों को लेकर बीसीसीआई भी दबाव में है। बोर्ड का कहना है कि T20 में खेलने का फैसला तीनों अनुभवी खिलाड़ी खुद लेंगे।
लेकिन अब ऐसा माना जा रहा है कि अश्विन, कार्तिक और शमी का करियर T20 में खत्म हो जाएगा। इसके साथ ही भुवनेश्वर कुमार को न्यूजीलैंड दौरे के लिए चुना गया है। अब भुवनेश्वर का करियर उनके अपने हाथ में है। अगर वह अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो वह टीम में बने रहेंगे, नहीं तो उनका बाहर होना लगभग तय है।
अगर रोहित शर्मा अपने दम पर T20 नहीं खेलने का फैसला करते हैं तो चयनकर्ताओं को नए कप्तान की तलाश करनी होगी। फिलहाल केएल राहुल रेग्युलर वाइस कैप्टन हैं, लेकिन वे आउट ऑफ फॉर्म हैं। उनके खराब प्रदर्शन के कारण अब टीम में उनकी जगह पक्की नहीं है। ऐसे में राहुल का अगला कप्तान बनाना मुश्किल होगा।
राहुल के बाद इस पद के दो बड़े दावेदार हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत हैं। दोनों आईपीएल टीमों के कप्तान हैं और टीम इंडिया की कमान भी संभाल चुके हैं। पंत की दिक्कत यह है कि उनकी फॉर्म खराब है। साथ ही T20 टीम में उनकी जगह पक्की नहीं है। वह T20 टीम में भी खुद को विकेटकीपर साबित नहीं कर पाए। पंत टेस्ट और वनडे में सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर हैं, लेकिन T20 में नहीं। कप्तानी में भी उनके ऊपर हार्दिक को तरजीह दी जा रही है। पंत को न्यूजीलैंड दौरे के लिए उपकप्तान बनाया गया है।