कर्नाटक में हिजाब विवाद के बाद एक नया मामला सामने आया है। बजरंग दल के कार्यकर्ता हर्ष की रविवार रात मौत के मामले में कर्नाटक के शिवमोग्गा में हिंसा भड़क गई थी। पुलिस ने मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के लिए 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान कासिफ, नदीम, आसिफ और रिहान के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 20 साल है। इन लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सी प्रताप रेड्डी ने कहा कि, मंगलवार सुबह अंतिम संस्कार के समय तुंगानगर में कुछ वाहनों में आग लगा दी गई थी। जबकि इस क्षेत्र में सीआरपीसी की धारा 144 लागू है। इसमें शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही बाकि सभी की गिरफ्तारी की जाएगी।

रेड्डी ने कहा कि हर्ष की हत्या के कारण शहर और उसके आसपास की स्थिति तनावपूर्ण है। शिवमोग्गा के लिए अतिरिक्त बल भेजा गया है। रेड्डी ने कहा कि हत्या के बाद शहर में आगजनी और हिंसा की 14 अलग-अलग घटनाएं हुई हैं। हत्या और आगजनी के तीन मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। अन्य मामलों में भी प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस पीड़ितों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

रविवार रात में हुई थी हर्ष की हत्या :

भारती नगर में रविवार रात बजरंग दल के एक कार्यकर्ता की कार में सवार कुछ लोगों ने हत्या कर दी थी। पुलिस को संदेह है कि हत्या में सात लोग शामिल थे। घटना के बाद से शिवमोग्गा में स्थिति तनावपूर्ण है। धारा 144 फिलहाल पूरे इलाके में लागू है।