हरियाणा के यमुनानगर के पुराना हमीदा इलाके में रविवार (20 नवंबर) के दिन गोलियों से भरा बैग मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बैग को कब्जे में ले लिया. बैग का वजन करीब 30 किलो से ज्यादा बताया जा रहा है.

स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोलियों से भरा बैग मिलने के बाद बम निरोधक दस्ते ने खोजी कुत्तों की मदद से आसपास के इलाके की तलाशी ली. साथ ही हमीदा चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है. हमीदा चौकी भी उस जगह से थोड़ी ही दूरी पर है जहां से गोलियों से भरा बैग मिला. बैग का वजन करीब 32 किलो 180 ग्राम था.

दरअसल पुराना हमीदा में गोगा माडी के पास के इलाके में कुछ बच्चे खेल रहे थे तभी उन्हें ये बैग वहां दिखाई दिया. उसके बाद बच्चे खेलते-खेलते इस बैग को बीच सड़क पर घसीटकर ले गए और वही बैग खुल गया. जिसमें से गोलियां बाहर निकल आई.

स्थानीय लोगों ने देखा तो मामले की सूचना पुलिस को दी. घटना की सूचना मिलते ही हमीदा चौकी के प्रभारी उप निरीक्षक शमशेर सिंह मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की. रविवार सुबह ही बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया. टीम ने कई घंटों तक खोजी कुत्तों की मदद से इलाके की तलाशी ली, लेकिन मौके से कुछ नहीं मिला.

हमीदा चौकी के प्रभारी ने जानकारी देते हुए कहा कि स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिनों से एक व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी लाकर यहां फेंकता था. शायद ये बैग उसी मिट्टी के ज़रिये यहां आई हैं. अब ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं. साथ ही पुलिस हर पहलू से इसकी जांच कर रही है.