देश के जाने-माने उद्योगपति और महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा आए दिन अपने ट्विटर पोस्ट के जरिए चर्चा में बने रहते हैं। वे ऐसी चीजें पोस्ट करते हैं जो तुरंत वायरल हो जाती हैं। अब उन्होंने फिर से ऐसा ही एक वीडियो ट्वीट किया है जिसे देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे।
चलता-फिरता मैरिज हॉल-
इस बार आनंद महिंद्रा ने मैरिज हॉल का वीडियो पोस्ट किया है और यह मैरिज हॉल साधारण नहीं है इसे कहीं भी ले जाया जा सकता है। आनंद महिंद्रा द्वारा ट्वीट किए गए वीडियो में एक ट्रक सड़क पर दौड़ता हुआ नजर आ रहा है। फिर ट्रक को एक जगह खड़ा कर दिया जाता है। ट्रक के रुकने के बाद, सवारी बाहर निकल जाती हैं और फ्रेम को स्थापित करना शुरू कर देते हैं, जो कि लंबे ट्रक में पहले से ही फिट रहता है।
आनंद महिंद्रा इस ट्रक डिजाइन से हुए प्रभावित-
मुड़े हुए फ्रेम ट्रक में सेट होते हैं और यह देखते ही देखते एक बड़ा हॉल बन जाता है। इतना ही नहीं इस ट्रक के अंदर बने मैरिज हॉल के इंटीरियर डिजाइन की बात करें तो अंदर फॉल सीलिंग, एसी भी है। वीडियो के कैप्शन में कहा गया है कि इस हॉल का क्षेत्रफल 40X30 वर्ग फुट है और इस पोर्टेबल मैरिज हॉल में करीब 200 लोग बैठ सकते हैं। वीडियो में इस हॉल में आयोजित होने वाले अभिनंदन समारोह और विवाह समारोह को भी दिखाया गया है। इस पोस्ट के ज़रिये महिंद्रा के चेयरमैन ने इस मैरिज हॉल की तारीफ की है।
इसे बनाने वाले से मिलेंगे आनंद महिंद्रा-
आनंद महिंद्रा ने अपनी इच्छा व्यक्त करते हुए इस मैरिज हॉल का एक वीडियो पोस्ट किया और ट्वीट करते हुए लिखा कि, मैं उस व्यक्ति से मिलना चाहता हूं जिसने इस प्रकार के उत्पाद की अवधारणा और डिजाइन तैयार की है। निश्चित रूप से यह ट्रक मैरिज हॉल बहुत ही रचनात्मक और विचारों को उभारनेवाला है। ये ट्रक मैरिज हॉल दूरस्थ क्षेत्रों को सुविधा प्रदान करेगा और पर्यावरण के अनुकूल भी हैं। यह ट्रक अत्यधिक आबादी वाले देश में स्थायी स्थान भी नहीं घेरता है।