भोपाल। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न निर्माण कार्यों के लिये एकीकृत सिविल विंग बनाई है। विभाग के अपर सचिव डा. सुदाम पी खाड़े ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

आदेश में कहा गया है कि स्वास्थ्य विभाग के अधीन संचालित स्वास्थ्य संस्थाओं के नवीन भवन/उन्नयन/अतिरिक्त निर्माण कार्य/संधारण के साथ-साथ केन्द्र प्रवर्तित/केन्द्र प्रायोजित योजनाओं के तहत प्रदेश के जन सामान्य को स्वास्थ्य सुविधायें मुहैया कराये जाने हेतु राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत भारत सरकार द्वारा स्वीकृत स्टेट प्रोग्राम इम्प्लीमेंटेंशन प्लान में प्रस्तावित निर्माण कार्यों का प्रशासकीय नियंत्रण, संचालनालय स्वास्थ्य सेवायें में सिविल विंग के साथ एकीकृत किया जाता है।

आदेश में आगे कहा गया है कि स्वास्थ्य विभाग के अधीन संचालनालय स्वास्थ्य सेवायें की आनुषंगिक इकाईयों (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन को छोडक़र) द्वारा भविष्य में प्रस्ताव, इस एकीकृत सिविल विंग को प्रस्तुत किये जाने पर इसकी स्वीकृति संचालनालय स्वास्थ्य सेवायें द्वारा दी जायेगी। प्रत्येक निर्माण कार्य पर होने वाले व्यय की प्रतिपूर्ति संबंधी आनुषंगिक इकाईयों द्वारा स्वीकृत/उपलब्ध बजट से वहन किया जावेगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के स्टेट प्रोग्राम इम्प्लीमेंटेंशन प्लान में सम्मिलित कार्यों तथा एनएचएम फण्डेड प्रोजेक्ट के कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा की जाएगी परंतु तकनीकी स्वीकृति तथा भुगतान विभागान्तर्गत निर्माण कार्य हेतु प्रस्तावित स्वीकृत एकीकृत सिविल विंग द्वारा की जायेगी तथा इस सिंविल विंग में संचालनालय स्वास्थ्य सेवायें एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में स्वीकृत सिविल विंग इकाई के एकीकृत गठन के फलस्वरूप विभाग के प्रत्येक आनुषंगिक इकाईयों के स्वीकृत पदों के विरूद्ध कार्यरत सेवकों का वेतन पूर्ववत् आहरित होगा। निर्माण कार्य के देयकों के भुगतान की कार्यवाही लोक निर्माण विभाग कार्य मैन्यूअल के अनुसार किया जावेगा।