भोपाल: मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग ने अब ये मान लिया है कि मध्य प्रदेश से कोरोना पूरी तरह विदा हो चुका है, अब यहां पर कोई भी वैरीअंट नहीं आएगा ऐसा भरोसा भी सरकार को हो गया है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने कोविड काल में किये सभी अटेचमेंट समाप्त कर दिये हैं।
स्वाथ्य आयुक्त सुदाम खाड़े द्वारा इस संबंध में जारी निर्देश में कहा गया है कि स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत प्रदेश के समस्त जिलों में कोविड-19 के दौरान विगत वर्षों में चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता आदि अन्य कर्मचारियों का संलग्नीकरण-अटेचमेंट मूल पदस्थापना से अन्यत्र संस्था में किया गया है।, वर्तमान में कोविड की स्थिति सामान्य है एवं संलग्नीकरण की आवश्यकता नहीं है।
इस स्थिति में किसी भी प्रकार के संलग्नीकरण की आवश्यकता नहीं है, इसके बाद भी जिला स्तर, ब्लाक स्तर पर नियंत्रणकर्ता अधिकारियों द्वारा चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों एवं अन्य चिकित्सकीय/गैर चिकित्सकीय स्टाफ का संलग्नीकरण किया जा रहा है जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवायें अनावश्यक रूप से प्रभावित हो रही है।
स्वास्थ्य आयुक्त ने निर्देश दिये हैं कि अब संभाग स्तर,जिला स्तर, विकासखण्ड स्तर से किये गये समस्त प्रकार के संलग्नीकरण तत्काल समाप्त किये जाने की कार्यवाही की जाये। समस्त क्षेत्रीय संचालक उनके अधीनस्थ जिलों के सम्बंध में प्रमाण पत्र भेजें कि उनके अधीनस्थ समस्त जिलों/संस्थाओ में समस्त संलग्नीकरण समाप्त किये गये हैं, किसी भी प्रकार का संलग्नीकरण शेष नहीं है।