तुलसी की न सिर्फ पूजा की जाती है बल्कि इसमें शामिल औषधीय गुणों की वजह से इसका इस्तेमाल सर्दी-ज़ुकाम से लेकर कई तरह के संक्रमण के इलाज के लिए भी किया जाता है। तुलसी त्वचा के लिए भी फायदेमंद होती है। तुलसी के इस्तेमाल से आपकी त्वचा कुछ ही दिनों में ग्लो करने लगेगी। तो आप भी जानिए नए साल में आप तुलसी के इस्तेमाल से कैसे लाएं चेहरे पर निखार। 

तुलसी में ऐंटी-ऑक्सिडेंट गुण होते हैं, जिससे त्वचा की गहराई से सफाई होती है और उसमें मौजूद गंदगी को बाहर निकलने में मदद मिलती है। इससे खून साफ होता है और चेहरे पर ग्लो आता है। स्किन को चमकदार बनाने के लिए आप तुलसी की कुछ ताजा पत्तियों को पीसकर इनका पेस्ट बनायें। पेस्ट में पिसा हुआ ओट्स मिक्स करें, अब इसमें आधा टी स्पून शहद और एक चुटकी हल्दी पाउडर मिक्स करें। इस पेस्ट को चेहरे पर लगाएं और मसाज करें कुछ देर मसाज करने के बाद 15 मिनट के लिए लगा रहने दें, 15 मिनट के बाद फेसवॉश करें। सप्ताह में दो से तीन बार इसका प्रयोग ग्लोइंग और हेल्दी स्किन बनाएं रखने में फायदेमंद है।

मुंहासे और एक्ने की समस्या के लिए आप कुछ तुलसी की पत्तियां और चार से पांच नीम की ताजा पत्तियां लें और उनको पीसकर पेस्ट बना लें। पेस्ट में आधा चम्मच शहद मिक्स करें, इस पेस्ट को चेहरे पर अप्लाई करें, 15 मिनट तक लगा रहने दें, 15 मिनट बाद गुनगुने पानी से चेहरा साफ कर लें। इस पैक के नियमित प्रयोग से एक्ने और मुहांसो की समस्या कुछ दिनों में खत्म हो जाएगी।

डेड स्किन की परेशानी से छुटकारा पाने के लिए तुलसी टोनर बहुत फायदेमंद है। तुलसी टोनर बनाने के लिए आप तुलसी की ताजा पत्तियां धोकर साफ कर लें अब इनको साफ पानी में डालकर उबालें, दस मिनट तक उबालने के बाद तुलसी के पानी को ठंडा करें, ठंडा होने के बाद इसको छानकर किसी स्प्रे बॉटल में स्टोर कर लें। इसका इस्तेमाल फेसवॉश करने के बाद करें, तुलसी टोनर के नियमित इस्तेमाल से आप का स्किन ग्लो बढ़ेगा और डेड स्किन की समस्या दूर होगी।

स्किन पोर्स में जमा गंदगी को साफ करने के लिए तुलसी की पत्तियों को गुलाबजल मिक्स करके पीस लें, अब इसमें आधा चम्मच चन्दन पाउडर, आधा चम्मच संतरे के छिलके का पाउडर और एक चम्मच गुलाब जल को मिक्स करें। इस पेस्ट को चेहरे पर अप्लाई करें 15 मिनट तक लगा रहने दें। 15 मिनट बाद चेहरे को साफ कर लें, यह पेस्ट आपकी स्किन पोर्स को क्लीन करके ओपन पोर्स की प्रॉब्लम को दूर करता है।