अच्छे स्वास्थ्य के लिए जिस तरह हेल्दी खाना जरूरी है, उसी तरह अच्छी नींद भी जरूरी है. नींद पूरी न होने से कई तरह की बीमारियों का सामना करना पड़ता है. पर्याप्त नींद लेने से बॉडी पार्ट्स ठीक से काम करते हैं, मस्तिष्क की कार्यप्रणाली में सुधार होता है और कई बीमारियों का खतरा कम हो जाता है. 

हालांकि कई लोग ऐसे भी होते हैं जिन्हें रात में सोते समय काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. नींद की कमी से मोटापा, वजन बढ़ना और डिमेंशिया जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं. डॉक्टरों का मानना ​​है कि इंसान को रात में 7 से 8 घंटे सोना चाहिए. लेकिन अगर आपको रात में जल्दी नींद नहीं आती है या आपकी आंखें बहुत बार खुलती हैं तो हम आपको कुछ ऐसी चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्हें आप रात को अच्छी नींद लेने के लिए सोने से पहले खा सकते हैं.

1.अखरोट: अखरोट हमारी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माने जाते हैं. इसमें कई जरूरी विटामिन और मिनरल्स होते हैं जो डायबिटीज और दिल से जुड़ी बीमारियों के खतरे को कम कर सकते हैं. अखरोट खाने से नींद की गुणवत्ता में भी सुधार होता है क्योंकि ये मेलाटोनिन का एक बहुत अच्छा स्रोत हैं.

2. कैमोमाइल चाय: कैमोमाइल चाय एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती है. रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के अलावा यह चिंता और तनाव को कम करने में भी बहुत मददगार है. कई अध्ययनों के अनुसार, इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट मस्तिष्क में रिसेप्टर्स को उत्तेजित करते हैं, जो आपकी नींद को नियंत्रित करते हैं और अनिद्रा की समस्या को दूर करते हैं.

3. चावल: दुनिया भर में चावल का सेवन बड़ी मात्रा में किया जाता है. चावल फाइबर, पोषक तत्वों और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है. चावल कार्ब्स में उच्च है और इसका जीआई इंडेक्स भी ज्यादा है. रात को सोने से एक घंटे पहले चावल खाने से नींद अच्छी आती है.

4. चेरी: चेरी मेलाटोनिन से भरपूर होती है जो शरीर के आंतरिक चक्र को विनियमित करने में मदद करती है. विशेषज्ञों का मानना ​​है कि सोने से पहले एक मुट्ठी चेरी का सेवन करने से रात को अच्छी नींद आती है. चेरी को जूस के रूप में भी इस्तेमाल कर सकते है या ताजी चेरी उपलब्ध न हो तो जमी हुई चेरी भी फायदेमंद साबित होगी.

5. दूध: रात को सोने से पहले एक गिलास गर्म दूध पीना बहुत फायदेमंद हो सकता है. दूध में मौजूद ट्रिप्टोफैन और सेरोटोनिन अच्छी नींद लाने में मददगार साबित होते हैं.