सर्दियों में शरीर को ठंड से बचाने के लिए लोग कई तरह के उपाय करते हैं। सर्दियां आते ही लोग गर्म पानी से नहाना शुरू कर देते हैं। कुछ लोग अपनी डाइट में बदलाव कर शरीर को गर्म रखने की कोशिश करते हैं। 

इसके अलावा कई लोग ऐसे भी हैं जो सर्दियों की शुरुआत के साथ ही घर में हीटर का इस्तेमाल शुरू कर देते हैं। पिछले कुछ समय से ठंड के मौसम में रूम हीटर का चलन बढ़ रहा है। ठंड से बचने के लिए लोग जाने-अनजाने अपनी सेहत को नुकसान पहुंचा रहे हैं। तो जानें आपको किन गलतियों से बचना चाहिए।

सांस की बीमारी हो सकती है-

ठंड के मौसम में घर में इस्तेमाल होने वाला हीटर आपके आसपास के वातावरण को प्रभावित करता है। हीटर न केवल हवा में नमी को कम करते हैं बल्कि कई हानिकारक गैसें भी छोड़ते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होती हैं। ऐसे में हीटर कई तरह की परेशानियों को जन्म दे देता है। इसके अलावा अस्थमा के मरीजों को भी इसका इस्तेमाल थोड़ी देर ही करना चाहिए।

आँख को होगा नुकसान-

शरीर में कई संवेदनशील अंग होते हैं। इसमें आंखों का काम अहम होता है। इसकी भी विशेष निगरानी की जरूरत है। सर्दियों में हीटर का इस्तेमाल आंखों के लिए हानिकारक साबित हो सकता है। इसलिए रूम में नमी बनाए रखना जरूरी है। क्योंकि इसकी हवा आंखों को सुखा देती है। इसके अलावा इससे संक्रमण की संभावना भी बढ़ जाती है।
 
त्वचा के लिए हानिकारक-
 
हीटर को ज्यादा देर तक चलाने से आपके आसपास की हवा में नमी कम हो जाती है। हवा में रूखेपन का त्वचा पर बुरा असर पड़ता है। शुष्क वातावरण के कारण त्वचा की नमी खत्म हो जाती है और त्वचा रूखी होने लगती है। इतना ही नहीं रूखेपन से त्वचा के फटने और संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है।
 
हीटर से हो सकती है दुर्घटना-
 
लंबे समय तक हीटर को चालू रखने से उसका बाहरी हिस्सा गर्म हो जाता है। इसके अलावा जलने का भी खतरा रहता है। नॉन मैटेलिक बॉडी में आने वाला हीटर अगर ज्यादा गर्म हो जाए तो आसपास की चीजें कपड़े और प्लास्टिक को भी जला देता हैं।

जानिए किसे हीटर का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए-

अगर आप अस्थमा या सांस की किसी बीमारी से पीड़ित हैं तो हीटर के इस्तेमाल से बचें। आप नॉर्मल हीटर की जगह आयल हीटर का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे हवा में नमी बनी रहती है। इसके अलावा अगर आपको साइनस या ब्रोंकाइटिस की समस्या है तो हीटर के इस्तेमाल से बचें। इसके अलावा बच्चों और बुजुर्गों को इसके इस्तेमाल से बचना चाहिए।

इन बातों का ध्यान रखकर ही करें हीटर का इस्तेमाल-

  • अगर आप हीटर खरीद रहे हैं तो आयल हीटर खरीदने की कोशिश करें। इस प्रकार के हीटर हवा को सूखने नहीं देंगे।
  • पूरी रात हीटर न चलाने का हमेशा ध्यान रखें। सोने से 1-2 घंटे पहले इसे चालू करें और कमरे को गर्म करें। सोने से पहले इसे बंद करना याद रखें।
  • जब भी हीटर चला रहे हों तो उसके चारों ओर पानी से भरा बर्तन या कटोरी रखें। इससे हवा में नमी बनी रहेगी और त्वचा रूखी नहीं होगी।
  • अगर हीटर का इस्तेमाल कर रहे हैं तो अपनी त्वचा को अच्छी तरह से मॉइस्चराइज करें ताकि यह रूखी न हो। अगर इसके साथ आंखों की समस्या होती है, तो डॉक्टर से मिलें।
  • अस्थमा या दिल की समस्या से जूझ रहे व्यक्तियों को कम से कम हीटर का इस्तेमाल करना चाहिए।