महाराष्ट्र के पालघर में गरबा नृत्य करते हुए 35 वर्षीय युवक की मौत के बाद सदमे से उसके पिता की भी मौत हो गई। दरअसल पालघर के विरार में गरबा कार्यक्रम का आयोजन चल रहा था। इस दौरान हार्ट अटैक के कारण मनीष नरपजी सोनिग्रा डांस करते समय अचानक गिर पड़े। इस घटना के बाद युवक को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। मनीष के पिता ने जब खबर सुनी तो उनकी भी सदमे से मौत हो गई।

बेटे की मौत की खबर सुनते ही पिता को आया हार्ट अटैक-

विरार के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मनीष नरपजी सोनिग्रा रविवार रात विरार के ग्लोबल सिटी परिसर में एक गरबा कार्यक्रम में नाचते हुए गिर पड़े। इस बीच युवक को उसके पिता नरपजी सोनिगरा (66) ने अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, जब पिता को अपने बेटे की मौत की खबर लगी तो नरपजी सोनिग्रा भी गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। एजेंसी के मुताबिक, पुलिस अधिकारी ने बताया कि पिता-पुत्र के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है। बता दें कि यह दोनों मौत आचानक हार्ट अटैक आने से हुई है।

गुजरात में भी गरबा खेलने वाले युवक की मौत-

गुजरात के आणंद जिले में गरबा खेलते समय दिल का दौरा पड़ने से 21 वर्षीय वीरेंद्र सिंह की मौत हो गई। यह घटना तारापुर की शिव शक्ति सोसायटी की है। शिव शक्ति सोसायटी में नवरात्रि के मौके पर समाज में 9 दिनों तक गरबा का आयोजन किया गया। 30 सितंबर को 21 वर्षीय वीरेंद्र सिंह गरबा खेल रहा था। इस दौरान उसके दोस्त वीडियो बना रहे थे। तभी अचानक वीरेंद्र नीचे गिर पड़े। सोसायटी के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। लेकिन रास्ते में ही वीरेंद्र की मौत हो गई। डॉक्टर ने बताया कि युवक की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है।