Delhi News: राजधानी दिल्ली में एक मंदिर के बाहर अवैध निर्माण को लेकर प्रशासन और आम जनता के बीच विवाद की स्थिति पैदा हो गई. गुरुवार को पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में शनि मंदिर के बाहर अवैध रेलिंग तोड़ने पहुंची प्रशासनिक टीम के खिलाफ लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया, फिर अचानक नारेबाजी शुरू कर दी.

इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प भी हुई. लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए मौके पर स्थानीय पुलिस के साथ-साथ बड़ी संख्या में अर्धसैनिक बलों को भी तैनात किया गया. स्थानीय महिलाओं ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. महिलाओं का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने महिलाओं के कपड़े तक फाड़ दिए.

मंदिर नहीं बल्कि रेलिंग हटाने पहुंचा था प्रशासन-

जिस समय प्रशासन अपनी कार्यवाही के लिए पहुंचा था, तब स्थानीय महिलाएं मंदिर में भजन गा रही थी. लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते हुए जय श्री राम के नारे भी लगाए.

पूर्वी दिल्ली के डीएम ने कहा कि वे यहां रेलिंग हटाने के लिए ही आए थे. भारी विरोध के बाद भी प्रशासन ने रेलिंग हटा दी है. स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, मंदिर को तोड़ा नहीं जा रहा था बल्कि इसका उद्देश्य केवल रेलिंग हटाकर फुटपाथ खाली करना था.

हालांकि, मंडावली में अतिक्रमण विरोधी दस्ता द्वारा मंदिर की रेलिंग हटाने की कार्रवाई का भी लोगों ने जमकर विरोध किया. महिलाओं के भारी विरोध प्रदर्शन के बावजूद भी प्रशासन ने रेलिंग को हटा दिया है.