Tamil Nadu Rains: तमिलनाडु में बीते कुछ दिनों से बेमौसम बारिश ने कहर बरपा रखा है. हालत यह है कि राज्य में भारी बारिश रुकने के नाम नहीं ले रही है. कई ज़िले तो पूरी तरह से जलमग्न हो गए हैं. मौसम विभाग ने भी कुछ जिलों में रेड अलर्ट जारी कर दिया है. तमिलनाडु सरकार ने भी अपने चार मंत्रियों को प्रभावित इलाकों में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य को गति देने में लगा दिया है.

तेज़ बारिश से स्कूल-कॉलेज बंद-

तमिलनाडु में भारी बारिश के कारण 18 दिसंबर को इन जिलों तिरुनेलवेली, थूथुकुडी, कन्याकुमारी और तेनकासी में सभी स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं. इसके साथ ही बैंकिंग और अन्य निजी व सरकारी संस्थान भी बंद कर दिए गए हैं. इन चारों जिलों में रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया है. इसके अलावा रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण कई ट्रेनों को रद्द किया गया है.

भारी बारिश का अनुमान-

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, तमिलनाडु में अगले दो से तीन दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है. जिसके चलते राज्य के कुछ स्कूलों की परीक्षा रद्द कर दी गई है. स्थानीय मौसम विभाग की माने तो तमिलनाडु के दक्षिणी जिलों में सोमवार को भी काफी बारिश हो रही है.

पलायमकोट्टई में 26 सेमी और कन्याकुमारी में 17 सेमी बारिश दर्ज की गई. वहीं, तिरुनेलवेली जिले में बाढ़ प्रभावित लोगों ने आश्रय शिविर में शरण ली. थूथुकुडी जिले के तालुका श्रीवैकुंठम में रविवार को 525 मिमी बारिश हुई और क्षेत्र में अत्यधिक भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई थी. इसके अलावा, तिरुचेंडर, सठनकुलम, कायथार, ओट्टापिड्रम में भी अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है. इस बीच थूथुकुडी में भारी बारिश के कारण मवेशियों के नुकसान की खबर है.

आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 दिसंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, थूथुकुडी, रामनाथपुरम, पुदुकोट्टई और तंजावुर जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, 9 दिसंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में एक या दो स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने की संभावना है.

थूथुकुडी जिले के कोविलपट्टी, एट्टायपुरम, विलाठिकुलम, कलुगुमलाई, कायथर, कदम्बुर, वेम्बार, सुरंगुडी और अन्य इलाकों में रविवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है. इस भारी बारिश के कारण कोविलपट्टी के आसपास की नदियां और झीलें अपनी पूरी क्षमता पर पहुंच गई हैं और झीलों से पानी बह रहा है.

राज्य सरकार अलर्ट पर-

तमिलनाडु सरकार ने राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी के लिए चार मंत्रियों को प्रभावित इलाकों में भेजा है. सरकार इस बात पर खास ध्यान दे रही है कि भारी बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति न बने. चार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी तैनात किया गया है.