पिछले कुछ दिनों से उत्तर भारत में बदले मौसम के कारण पहाड़ों पर चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक पहाड़ों पर बादल फटने जैसी बड़ी घटनाओं की आशंका जताई गई है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने पहाड़ों पर रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा है. इसके अलावा जो लोग पहाड़ों पर जाने का प्लान बना रहे हैं. उन्हें फिलहाल पहाड़ों पर न जाने की सलाह दी गई है.

मौसम विभाग के महानिदेशक के मुताबिक, शुक्रवार तक मैदानी इलाकों और गुरुवार तक पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है. फिलहाल मौसम के हालात को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय भी अलर्ट पर है.

पहाड़ों पर बादल फटने का पूर्वानुमान-

मौसम विभाग द्वारा आज जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में ओडिशा, राजस्थान, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के महानिदेशक धनंजय महापात्रा के मुताबिक, जिस तरह से पहाड़ों में हालात बने हैं, उसे लेकर चेतावनी दी गई है. ऐसी स्थिति अगले तीन दिनों तक खासकर हिमालय क्षेत्र में बनी रहने की संभावना है.

मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद-

हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश और बादल फटने से बागी, मंडी समेत कई इलाकों में बाढ़ आ गई है. बारिश के कारण मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है. पिछले 24 घंटे में भारी नुकसान हुआ है. अचानक आई बाढ़ के कारण कई वाहन फंस गए हैं. मंडी जिले के बागीपुल क्षेत्र में पराशर झील के पास अचानक बाढ़ आ गई.

जिसमें पर्यटकों और स्थानीय लोगों सहित करीब 200 से अधिक लोग मंडी पराशर रोड पर बग्गी पुल के पास फंस गए. मंडी पुलिस ने कहा कि कमांद के पास भारी भूस्खलन के कारण मंडी-कुलु मार्ग बंद है, इसके कल खुलने का अनुमान हैं. भूस्खलन के कारण लगभग 25-30 वाहन फंसे हुए हैं.