मप्र के बड़े हिस्से में जोरदार बारिश का सिस्टम फिर एक्टिव हो गया है। राजधानी भोपाल, नर्मदापुरम, विदिशा और रायसेन समेत प्रदेश के कई हिस्से में तेज बारिश हो रही है। जबलपुर में ग्वारीघाट डूब गया है, घाट पर स्थित सभी दुकानों में पानी भर गया है। भोपाल में सुबह पांच बजे से कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश का दौर है जो आगे तीन दिन और चलने के आसार है।

भोपाल में अब तक 31 इंच से ज्यादा बारिश  हो चुकी है। जो सामान्य से चार इंच ज्यादा है। नर्मदापुरम जिले में शनिवार रात से बारिश जारी है। तवा का जलस्तर बढ़ने पर 3 गेट  रात 11 बजे से खोलने पड़े। जबलपुर में बरगी डैम के 11 गेट आधा मीटर तक खुले हैं, जिससे 15736 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

हालांकि अभी भी बुंदेलखंड के दमोह, टीकमगढ़  निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना  और बघेलखण्ड के रीवा सतना, सीधी सिंगरौली, उमरिया और ग्वालियर, मुरैना और देवास में सूखे के हालात बन गए हैं। यहां पर समान्य से 20 प्रतिशत से भी ज्यादा बारिश कम हुई है।